भोपाल। राजधानी के तात्या टोपे नगर क्षेत्र में महाराणा प्रताप लोक बनकर तैयार है। करीब चार एकड़ क्षेत्रफल में फैले इस परिसर को जैसलमेर स्थित प्रसिद्ध कुंभलगढ़ दुर्ग की प्रतिकृति के तौर पर बनाया गया है। यहां मेवाड़ के राजपूत शासकों खासकर महाराणा प्रताप की शौर्यगाथा को जीवंत किया जाएगा।मप्र पर्यटन विकास निगम के कार्यकारी अभियंता बृजेश तिवारी ने बताया कि महाराणा प्रताप लोक का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है।
भोपाल में साकार हुआ कुंभलगढ़ दुर्ग जैसा महाराणा प्रताप लोक, चार एकड़ में सुनाई देगी मेवाड़ की वीरगाथा
इस परिसर में महाराणा प्रताप की 20 फीट ऊंची कांस्य की प्रतिमा स्थापित की गई है, जिसमें वे अपने प्रिय घोड़े चेतक पर आक्रमण की मुद्रा में बैठे हुए नजर आते हैं। मूर्तिकार नीरज अहिरवार ने इस प्रतिमा का निर्माण किया है। प्रतिमा का वजन 2.5 टन है और लागत करीब 35 लाख रुपये आई है।
मप्र पर्यटन विकास निगम के कार्यकारी अभियंता बृजेश तिवारी ने बताया कि महाराणा प्रताप लोक के प्राचीर को राजपूताना वास्तुकला शैली के आधार पर बनाया गया है। इस परिसर पर 10 करोड़ रुपये की लागत आई है।
इस परिसर में चित्रों और फिल्म के माध्यम से महाराणा प्रताप के जीवन चरित्र को प्रदर्शित किया जाएगा। मेवाड़ के राजाओं और महाराणा के जीवन की घटनाओं और कलाकृतियों को प्रदर्शित करने के लिए गैलरी बनाई गई है। निकास मार्ग पर प्रमुख युद्धों के भित्ति चित्रों की प्रदर्शनी भी होगी।
तत्कालीन मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने वर्ष 2022 में महाराणा प्रताप लोक के निर्माण की घोषणा की थी। उन्होंने कहा था कि इसमें महाराणा प्रताप, उनके घोड़े चेतक और उनके सहयोगियों के कार्यों को दर्शाया जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियों को उनकी बहादुरी के बारे में पता चले।
बताया जा रहा है कि पर्यटन विकास निगम इस परिसर को जल्दी ही जिला प्रशासन को सौंप देगा। इसका संचालन जिला प्रशासन को ही करना है। इसे पीपीपी मोड पर संचालित करने का प्रस्ताव है। जल्दी ही इसके लोकार्पण की तैयारी भी है।