बंगाल की खाड़ी में बना लो प्रेशर एरिया खत्म:अब छत्तीसगढ़ में बढ़ेगी गर्मी

रायपुर, छत्तीसगढ़ में आने वाले दिनों में गर्मी धीरे-धीरे असर दिखाने लगेगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले 7 दिनों में प्रदेश का अधिकतम तापमान 3 से 5 डिग्री तक बढ़ सकता है। हालांकि इस दौरान न्यूनतम तापमान में किसी बड़े बदलाव के संकेत नहीं हैं।

पिछले 24 घंटों के मौसम की बात करें तो प्रदेश में कहीं-कहीं हल्की बारिश दर्ज की गई। सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33.6°C रायपुर और माना में रिकॉर्ड किया गया, जबकि सबसे कम न्यूनतम तापमान 10°C अंबिकापुर में दर्ज हुआ। वर्तमान में कोई सक्रिय सिनॉप्टिक सिस्टम प्रभावी नहीं है।

रायपुर का लोकल फोरकास्ट

शहर में 27 फरवरी को आसमान साफ रहेगा। अधिकतम तापमान लगभग 34°C और न्यूनतम तापमान 19°C के आसपास रहने का अनुमान है।

लगातार बढ़ते तापमान के साथ दिन में गर्मी का असर बढ़ेगा, जबकि सुबह-शाम हल्की ठंड बनी रह सकती है। अगले सप्ताह से गर्मी और तेज होने के संकेत हैं।

फरवरी, ठंड के लौटने का माह

रायपुर की बात करें तो जनवरी की तरह फरवरी महीने में भी आसमान आमतौर पर साफ बना रहता है और सतही हवाएं हल्की रहती हैं। हालांकि उत्तर भारत से गुजरने वाले वेस्टर्न डिस्टर्बेंस के असर से कभी-कभार मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है।

इस दौरान बादल छाने के साथ गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनती हैं। कुछ मौकों पर आंधी, ओलावृष्टि और तेज हवाएं भी चलती हैं। सर्दियों का असर कम होते ही न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। कुछ स्थितियों में न्यूनतम तापमान 8 डिग्री सेल्सियस से नीचे भी चला जाता है। इसके साथ ही कुछ वर्षों में फरवरी महीने में अच्छी बारिश भी रिकॉर्ड की गई है।

रायपुर में 1893 को पड़ी थी सबसे ज्यादा ठंड

रायपुर में फरवरी महीने में अब तक की सबसे ज्यादा ठंड 9 फरवरी 1893 को पड़ी थी। उस दिन तापमान सिर्फ 5 डिग्री तक गिर गया था। वहीं सबसे ज्यादा गर्म दिन 28 फरवरी 2009 रहा, जब तापमान 38 डिग्री तक पहुंच गया था।

यानी फरवरी में भी कभी-कभी मई जैसी गर्मी पड़ सकती है। 4 फरवरी 1917 को सिर्फ 24 घंटे में 57.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी। यह फरवरी के लिहाज से बहुत ज्यादा बारिश मानी जाती है। इसके अलावा 1901 में फरवरी महीने के दौरान कुल 118.9 मिमी बारिश हुई थी।

Spread the love