भोपाल, मध्य प्रदेश में एक बार फिर सर्दी का असर तेज हो गया है। बीती रात प्रदेश के ग्वालियर समेत 8 शहरों में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री सेल्सियस से नीचे दर्ज किया गया। वहीं 30 से अधिक जिलों में हल्के से लेकर घने कोहरे का असर देखने को मिला।
मौसम विभाग के मुताबिक, ग्वालियर में न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि प्रदेश में सबसे ठंडा शहर राजगढ़ रहा। यहां पारा 7 डिग्री तक गिर गया। रीवा में 7.2 डिग्री, खजुराहो में 8.2 डिग्री, दतिया में 8.4 डिग्री, दमोह और सतना में 9.6 डिग्री तथा पचमढ़ी में 9.8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।
मौसम विभाग के अनुसार, दमोह और रीवा में दृश्यता 500 से 1000 मीटर तक रही। दतिया, ग्वालियर, रतलाम, खजुराहो, सतना और उमरिया में 1 किलोमीटर से अधिक विजिबिलिटी दर्ज की गई, जबकि भोपाल, इंदौर, उज्जैन और जबलपुर समेत कई शहरों में 2 से 4 किलोमीटर तक दृश्यता रही।
अगले 2 दिन ऐसा रहेगा मौसम
6 फरवरी- ग्वालियर, भिंड, दतिया, मुरैना, श्योपुर, शिवपुरी, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, मैहर, उमरिया, शहडोल और अनूपपुर में घना कोहरा रहेगा। वहीं, भोपाल, गुना, अशोकनगर, इंदौर, सागर, दमोह, जबलपुर, कटनी, विदिशा, सीहोर, रायसेन समेत कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरे का असर बना रहेगा।
7 फरवरी- कई जिलों में हल्के से मध्यम कोहरा रहेगा। इस दिन बारिश का अलर्ट नहीं है।
क्यों बना है ऐसा मौसम मौसम विभाग के अनुसार उत्तर भारत में सक्रिय वेस्टर्न डिस्टरबेंस और साइक्लोनिक सर्कुलेशन सिस्टम के कारण प्रदेश के कई जिलों में बादल छाए रहे। वहीं पहाड़ी इलाकों में हुई बर्फबारी के बाद मैदानी क्षेत्रों में सर्द हवाएं पहुंच रही हैं, जिससे ठंड और कोहरे की स्थिति बनी हुई है।
इसके अलावा पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में 8 फरवरी से नया वेस्टर्न डिस्टरबेंस सक्रिय होने जा रहा है, जिसका असर मध्यप्रदेश में भी दिखेगा। 10 फरवरी से प्रदेश के कुछ हिस्सों में मावठा गिरने की संभावना जताई गई है।
पंजाब मेल, शताब्दी एक्सप्रेस सहित कई ट्रेन लेट
कोहरे के कारण सड़क यातायात के साथ-साथ रेल यातायात भी प्रभावित हुआ है। दिल्ली से आने वाली कई ट्रेनें देरी से पहुंचीं।