भोपाल। बैरागढ़ में कुछ समय से किन्नरों के दो गुट नेग वसूली करने लगे हैं, जिससे नागरिक परेशान हैं। एक गुट पर जबरिया वसूली का आरोप है। दूसरा गुट चाहता है कि बैरागढ़ एवं आसपास के इलाके में किसी दूसरे गुट को घुसने ही न दिया जाए।
विवाद सुलझाने के लिए बुलाई गई तीसरी बैठक
पूज्य सिंधी पंचायत ने विवाद सुलझाने के लिए रविवार को तीसरी बार किन्नरों के दोनों गुटों की बैठक बुलाई थी। इस बार बैठक में पंचायत सदस्यों के साथ नगर के गणमान्य नागरिकों को भी बुलाया गया था ताकि सर्वमान्य निर्णय लिया जा सके।
क्षेत्र विस्तार को लेकर हुआ तीखा तर्क
बैठक शुरू होते ही लंबे समय से इलाके में सक्रिय किन्नर गुरु रम्मो नायक ने कहा कि हमारे इलाके में किसी दूसरे गुट को नेग लेने का अधिकार नहीं है। वहीं, मंगलवार एवं पुराने भोपाल में लंबे समय से सक्रिय दूसरे गुट की मुखिया सुरैय्या नायक ने कहा कि बैरागढ़ का अब विस्तार हो गया है। क्षेत्र बढ़ गया है, इसलिए उन्हें भी नेग वसूली करने दी जाए।
जबरिया वसूली के आरोप पर बढ़ा विवाद
बैठक के बीच कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि सुरैय्या गुट के किन्नर जबरिया वसूली कर रहे हैं। इस आरोप के बाद बैठक में विवाद बढ़ गया। रम्मो और सुरैय्या के बीच जमकर बहस हो गई। एक किन्नर काजल ठाकुर की बात पर पंचायत पदाधिकारी एवं प्रबुद्धजन भड़क गए। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष राम बंसल ने दूसरे गुट को जमकर फटकार लगाई। बंसल ने कहा कि यहाँ गुंडागर्दी नहीं चलेगी। गुंडागर्दी करने वालों से सख्ती की जाएगी। बंसल की फटकार के बाद मामला शांत हुआ। पंचायत अध्यक्ष माधु चांदवानी ने कहा कि यह मामला सभी समाजों से जुड़ा है इसलिए एक सर्वमान्य हल निकालना चाहिए।
क्षेत्र का हुआ बंटवारा, पुलिस पहुंचने पर मामला शांत
बैठक में तय किया गया कि बैरागढ़, हलालपुर, बैरागढ़ कला, भैंसाखेड़ी एवं भौंरी तक रम्मो गुट ही नेग वसूली करेगा। त्यौहारों पर बाजार में भी पुराना गुट ही सक्रिय रहेगा। विजय लालघाटी, एयरपोर्ट रोड एवं गांधीनगर में सुरैय्या गुट नेग लेगा। क्षेत्र तय होने के बाद भी बहस होने लगी। इसी बीच पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को देख दोनों गुट शांत हो गए।
पंचायत की चेतावनी
बैठक में कन्हैया इसरानी, नरेश तोलानी, नंद दादलानी, मनीष बागवानी, कमल वीधानी, मोहन लालवानी एवं अमित राजानी आदि ने भी सुझाव दिए। पंचायत अध्यक्ष चांदवानी ने बताया कि अब यदि दोनों गुटों ने निर्णय पर अमल नहीं किया तो हम पुलिस की मदद लेंगे।