ईरान पर सबसे बड़े हमले की तैयारी में अमेरिकी सेना, कई हफ्तों तक चल सकती है जंग, खुलासा

वॉशिंगटन: अमेरिकी सेना ईरान के खिलाफ बड़े सैन्य ऑपरेशन की तैयारी कर रही है, जो इस्लामिक मुल्क के खिलाफ अमेरिका का सबसे बड़ा हमला हो सकता है। यह अभियान कई हफ्तों तक चल सकता है। समाचार एजेंसी रॉयटर्स से दो अमेरिकी अधिकारियों ने नाम न बताने की शर्त पर यह जानकारी दी है। इससे पश्चिम एशिया में एक बड़े युद्ध का खतरा बढ़ गया है। इससे ईरान और अमेरिका के बीच पिछले सप्ताह शुरू हुई बातचीत पर भी खतरा मंडराने लगा है। ईरान और अमेरिकी डिप्लोमैट तेहरान के न्यूक्लियर प्रोग्राम पर चर्चा के लिए ओमान में मिले थे।

इन घटनाक्रमों के बीच ट्रंप प्रशासन मिडिल ईस्ट में दूसरा एयरक्राफ्ट कैरियर भेज रहा है। अमेरिकी अधिकारियों ने शुक्रवार को इसकी जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि दूसरे एयरक्राफ्ट कैरियर के साथ हजारों और सैनिक, फाइटर जेट, गाइडेड-मिसाइल विध्वंसक और दूसरे हथियार शामिल होंगे, जो हमला करने और उनसे बचाव करने में सक्षम हैं।

ईरान पर ट्रंप के तीखे तेवर

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप शुक्रवार को नॉर्थ कैरोलिना में एक बेस पर अमेरिकी सैनिकों से बात कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि ईरान के साथ डील करना मुश्किल रहा है। ट्रंप ने कहा, ‘कभी-कभी आपको डरना पड़ता है। यही एकमात्र चीज है जिससे सच में स्थिति को संभाला जा सकता है।’ ट्रंप के इस बयान के बाद ईरान पर संभावित हमले को लेकर अटकलें तेज हो गई हैं। हालांकि, जब अमेरिकी मिलिट्री ऑपरेशन की तैयारी पर पूछा गया तो वॉइट हाउस की प्रवक्ता एना केली ने कहा, ‘ईरान के मामले राष्ट्रपति ट्रंप के पास सभी विकल्प मौजूद हैं।’

अमेरिका की क्या है तैयारी?

हालांकि, पेंटागन ने इस बारे में कोई टिप्पणी करने से मना कर दिया है, लेकिन पिछले उदाहरण इस बारे में संकेत देते है। अमेरिका ने पिछले साल जून में जब ईरान के परमाणु स्थलों पर हमले किए थे तो इस इलाके में दो एयरक्राफ्ट कैरियर भेजे थे। हालांकि, जून में किया गया ‘मिडनाइट हैमर’ ऑपरेशन केवल एक बार हमला था। इसके लिए बी-2 स्टील्थ बॉम्बर्स ने अमेरिका से उड़ान भरी थी।

अधिकारियों का कहना है कि इस बार अमेरिकी तैयारी ज्यादा बड़ी है। एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिकी सेना केवल परमाणु ढांचे पर ही नहीं, बल्कि ईरान के सरकारी और सुरक्षा ठिकानों पर भी हमला कर सकती है। अधिकारी ने इस बारे में अधिक जानकारी देने से मना कर दिया।

ईरान पर हमला आसान नहीं

एक्सपर्ट्स का कहना है कि ईरान के खिलाफ बड़ा ऑपरेशन शुरू करना खतरनाक हो सकता है। ईरान के पास मध्य पूर्व में मिसाइलों का सबसे बड़ा जखीरा है। ईरान अगर जवाबी हमला करता है तो इलाके में लड़ाई का खतरा बढ़ सकता है। अमेरिकी अधिकारी ने भी इस बात को स्वीकार किया है। उन्होंने बताया कि अमेरिका को पूरी उम्मीद है कि ईरान जवाबी कार्रवाई करेगा, जिससे कुछ समय तक एक के बाद एक जवाबी हमले चलते रहेंगे।

Spread the love