‘हम युद्ध में हैं’, F-15E फाइटर गिराए जाने पर आया ट्रंप का पहला रिएक्शन, ईरान का अब A-10 मार गिराने का दावा

वॉशिंगटन: ईरान में अमेरिका का फाइटर जेट मार गिराए जाने पर अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने पहली प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि फाइटर जेट गिराए जाने से ईरान के साथ चल रही बातचीत पर कोई असर नहीं होगा। जेट मार गिराए जाने पर जब ट्रंप से पूछा गया कि क्या हाल के घटनाक्रम ईरान के साथ चल रही बातचीत पर असर डालेंगे तो उन्होंने कहा, ‘नहीं, बिल्कुल नहीं। यह युद्ध है। हम युद्ध में हैं।’

इस दौरान ट्रंप ने दुर्घटनाग्रस्त विमान से जुड़े चल रहे खोज और बचाव प्रयासों के विवरण पर चर्चा करने से इनकार कर दिया। इसके साथ ही उन्होंने इस मामले की मीडिया रिपोर्टिंग पर भी नाराजगी जताई। इस बीच ईरान ने एक और अमेरिकी मिलिट्री जेट को मार गिराने का दावा किया है।

ईरान का एक और अमेरिकी विमान मार गिराने का दावा

ईरान की अर्ध-सरकारी तस्नीम न्यूज एजेंसी ने बताया है कि ईरानी एयर डिफेंस ने होर्मुज जलडमरूमध्य के पास एक अमेरिकी A-10 विमान को मार गिराया है। यह घटना होर्मुज जलडमरूमध्य के समुद्री गलियारे पास हुए, जो इस समय क्षेत्रीय तनाव का एक मुख्य केंद्र बना हुआ है।ईरानी सेना का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया कि इस विमान को रणनीतिक जलमार्ग के दक्षिण में और उसके आसपास समुद्री क्षेत्र में निशाना बनाया गया था। हालांकि, ईरानी सेना के दावों के अलावा स्वतंत्र रूप से इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी है।

क्या है अमेरिकी A-10 मिलिट्री जेट?

  • ईरान ने जिस अमेरिकी A-10 जेट को मार गिराने का दावा किया है, वह एक खास तरह का विमान है।
  • A-10 एक अमेरिकी ग्राउंड अटैक विमान है, जिसे जमीनी सेना को हवाई मदद देने वाले मिशनों के लिए डिजाइन किया गया है।
  • इन मिशनों का मकसद बख्तरबंद वाहनों और जमीनी सेना के खिलाफ कार्रवाई करना होता है।

अमेरिका ने ईरान से रेस्क्यू किया पायलट

शुक्रवार को ही पहले एक अमेरिकी F-15E स्ट्राइक ईगल फाइटर जेट के ईरान के ऊपर मार गिराए जाने की खबर आई। इस दौरान विमान में सवार दोनों पायलट इजेक्ट कर गए। इसके बाद अमेरिकी सेना ने एक साहसिक रेस्क्यू चलाकर अपने एक पॉयलट को ईरान की धरती से रेस्क्यू कर लिया।

लेकिन दूसरे पायलट के बारे में अभी तक नहीं पता चला है और अलग-अलग तरह की खबरें आ रही हैं। कुछ मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि वह ईरानी हिरासत में है, जबकि अन्य का कहना है कि उसकी तलाश जारी है। ईरानी मीडिया रिपोर्ट में कहा गया है कि पायलट को जिंदा पकड़कर सौंपने पर इनाम की घोषणा की गई है।

Spread the love