नई दिल्ली: टी20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले ही पाकिस्तान ने भारत के साथ मैच खेलने को लेकर बड़ा विवाद खड़ा कर दिया था। पाकिस्तान ने बांग्लादेश को सपोर्ट करते हुए कहा था कि वे भारत के साथ विश्व कप में मुकाबला नहीं खेलेंगे। हालांकि, अब पाकिस्तान भारत के साथ खेलने के लिए राजी हो गया है। 15 फरवरी को भारत और पाकिस्तान के बीच महामुकाबला कोलंबो में खेला जाएगा। बता दें कि भारत और पाकिस्तान सिर्फ आईसीसी या एसीसी टूर्नामेंट में ही एक दूसरे के साथ खेलते हैं। हालांकि, अब पूर्व इंग्लिश क्रिकेटर माइकल वॉन ने भारत और पाकिस्तान के बीच टेस्ट सीरीज कराने की बात की है।
भारत-पाक के बीच टेस्ट सीरीज कराना चाहते हैं माइकल वॉन
इंग्लैंड के पूर्व कप्तान और क्रिकेटर माइकल वॉन ने पाकिस्तान के भारत के साथ मैच खेलने के लिए मानने के बाद एक्स पर ट्वीट किया है। उन्होंने ट्वीट करते हुए लिखा, यह कॉम्पिटिशन और क्रिकेट के लिए अच्छा है। हमें उन्हें किसी तरह से टेस्ट सीरीज भी खिलानी होगी। यूके तीन मैच की टेस्ट सीरीज होस्ट करने के लिए अच्छी जगह है।
कब भारत-पाक के बीच हुई थी आखिरी टेस्ट सीरीज?
भारत और पाकिस्तान के बीच आखिरी टेस्ट सीरीज 19 साल पहले 2007 में हुई थी। दोनों देशों के बीच तीन मैच की टेस्ट सीरीज भारत में खेली गई थी। इस सीरीज को भारत 1-0 से जीत गया था। दिल्ली में खेला गया पहला टेस्ट टीम इंडिया ने 6 विकेट से जीता था। इसके बाद कोलकाता में खेला गया दूसरा टेस्ट और बेंगलुरु में खेला गया तीसरा टेस्ट ड्रॉ हो गया था।