गुवाहाटी: आईपीएल 2026 के 13वें मुकाबले में राजस्थान रॉयल्स का विजयी रथ जारी है। गुवाहाटी के बरसापारा क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एक रोमांचक मुकाबले में राजस्थान ने मुंबई इंडियंस को 27 रनों से हराकर इस सीजन की अपनी लगातार तीसरी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ संजू सैमसन की टीम अंक तालिका में पहले स्थान पर काबिज हो गई है, जबकि मुंबई इंडियंस लगातार दूसरी हार के बाद सातवें स्थान पर खिसक गई है।
बारिश के कारण यह मैच 11-11 ओवर का कर दिया गया था। टॉस जीतकर मुंबई के कप्तान हार्दिक पंड्या ने पहले गेंदबाजी चुनी, लेकिन राजस्थान के बल्लेबाजों ने इसे गलत साबित कर दिया। राजस्थान ने 11 ओवर में मात्र 3 विकेट खोकर 150 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में मुंबई की टीम संघर्ष करती दिखी और निर्धारित ओवरों में 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी। इस हार के बाद हार्दिक पंड्या ने बड़ा बयान दिया है।
हार्दिक पंड्या ने गेंदबाजों को दी सलाह
मैच के बाद कप्तान हार्दिक पंड्या ने हार का मुख्य कारण खराब गेंदबाजी को बताया। उन्होंने कहा, ‘मुझे लगता है कि हमने पावरप्ले में वैसी गेंदबाजी नहीं की जैसी हमें करनी चाहिए थी। हमारे गेंदबाजों को जिम्मेदारी लेनी होगी। एक गेंदबाजी इकाई के रूप में हम बिल्कुल भी मानक के अनुरूप नहीं थे।’
वैभव सूर्यवंशी के कायल हुए हार्दिक
15 साल के युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी की बल्लेबाजी ने हार्दिक को भी प्रभावित किया। उन्होंने कहा, ‘एक 16-17 साल के लड़के को इस तरह खेलते देखना काफी रोमांचकारी है। हमने मैच की तैयारी के दौरान उनके बारे में काफी चर्चा की थी। जिस तरह की निर्भीकता उनके पास है और जैसे शॉट्स वो खेलते हैं, वह अद्भुत है। मैं उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देता हूं।’
आरसीबी के खिलाफ वापसी की उम्मीद
अगले मैच को लेकर हार्दिक ने सकारात्मक रुख अपनाया। उन्होंने कहा कि टीम अपनी गलतियों से सीखेगी। उन्होंने दार्शनिक अंदाज में कहा, ‘कल सुबह होगी, सूरज फिर निकलेगा। हमें बस अपनी गलतियों से सीखना है और आरसीबी के खिलाफ अगले मैच के लिए अच्छी तैयारी करनी है।’