नई दिल्ली: टोक्यो और पेरिस ओलंपिक गेम्स में भारतीय हॉकी टीम को ब्रॉन्ज मेडल जिताने में अहम भूमिका निभाने वाले हार्दिक सिंह को ‘मेजर ध्यानचंद खेल रत्न पुरस्कार’ के लिए नॉमिनेट किया गया है। चयन समिति ने ‘ अर्जुन अवॉर्ड ‘ के लिए 24 खिलाड़ियों के नाम की सिफारिश की है। 27 साल का हार्दिक 2018 से भारत के लिए खेल रहे हैं। वह मीडफील्डर की भूमिका निभाते हैं। बुधवार को युवा मामले और खेल मंत्रालय की ओर से गठित समिति ने बैठक की। पिछले दो वर्षों में भारतीय हॉकी टीम में उनके योगदान के लिए इस प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नॉमिनेट किया है।
हार्दिक सिंह का जन्म पंजाब के खुसरोपुर में हुआ था। उनके खून में ही हॉकी का खेल है। उनके पिता वरिंदरप्रीत सिंह राय हॉकी के खिलाड़ी रहे हैं। उनके दादा प्रीतम सिंह राय हॉकी कोच रह चुके हैं। दादा की कोचिंग में ही हार्दिक के हॉकी करियर की शुरुआत। उनके चाचा गुरमैल सिंह और जुगराज सिंह हॉकी के इंटरनेशनल खिलाड़ी रह चुके हैं। गुरमैल 1980 ओलंपिक में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम में शामिल थे।
हार्दिक सिंह ने भारत के लिए 166 मुकाबले खेले हैं। वह 2023 में एशियन गेम्स और राजगीर में एशिया कप 2025 में गोल्ड मेडल जीतने वाली भारतीय टीम का हिस्सा भी रहे हैं। अब तक छह हॉकी खिलाड़ियों को खेल रत्न से सम्मानित किया गया है। इनमें धनराज पिल्लै (1999-2000), सरदार सिंह (2017), रानी रामपाल (2020), पीआर श्रीजेश (2021), मनप्रीत सिंह (2021) और हरमनप्रीत सिंह (2024) का नाम शामिल है।
अर्जुन अवॉर्ड: तेजस्विन शंकर (एथलेटिक्स), प्रियंका (एथलेटिक्स), नरेंद्र (बॉक्सिंग), विदित गुजराती (शतरंज), दिव्या देशमुख (शतरंज), धनुष श्रीकांत (डेफ शूटिंग), प्रणति नायक (जिमनास्टिक्स), राजकुमार पाल (हॉकी), सुरजीत (कबड्डी), निर्मला भाटी (खो-खो), रुद्रांश खंडेलवाल (पैरा-शूटिंग), एकता भयान (पैरा-एथलेटिक्स), पद्मनाभ सिंह (पोलो), अरविंद सिंह (रोइंग), अखिल श्योराण (शूटिंग), मेहुली घोष (शूटिंग), सुतीर्था मुखर्जी (टेबल टेनिस), सोनम मलिक (कुश्ती), आरती पाल (योगासन), त्रिशा जॉली (बैडमिंटन), गायत्री गोपीचंद (बैडमिंटन), लालरेमसियामी (हॉकी), मोहम्मद अफसल (एथलेटिक्स), पूजा (कबड्डी)।(एजेंसी की इनपुट के साथ)