नई दिल्ली: भारत की प्रमुख अंडर-19 वनडे टूर्नामेंट वीनू मांकड़ ट्रॉफी का आयोजन किया जा रहा है। इसके 43वें मैच में कर्नाटक की टीम का सामना दिल्ली से हुआ। कर्नाटक की कप्तानी राहुल द्रविड़ के बेटे अन्वय कर रहे हैं तो वीरेंद्र सहवाग के बेटे आर्यवीर पर दिल्ली की कप्तानी की जिम्मेदारी है। विशाखापत्तनम में हुए इस मैच में रनों की बरसात देखने को मिली। कर्नाटक ने पहले खेलते हुए 418 रन बनाए और दिल्ली पर 198 रनों की बड़ी जीत हासिल की।
कर्नाटक के लिए दो बल्लेबाजों का शतक
कर्नाटक के लिए नीतीश आर्य और ध्रुव कृष्णन के बल्ले से शतकीय पारी निकली। नीतीश ने 109 गेंदों पर 111 रन बनाए तो ध्रुव के बल्ले से 51 गेंदों पर 103 रन निकले। 35वें ओवर के बाद टीम का स्कोर दो विकेट पर 227 रन था। इसी ओवर में अन्वय द्रविड़ क्रीज पर उतरे। आखिरी 15 ओवर में टीम ने कहानी पूरी तरह बदलते हुए 191 रन ठोक दिए।
अन्वय द्रविड़ ने 41 गेंद पर 85 रन ठोके
कप्तान अन्वय द्रविड़ चौथे नंबर पर आए और 85 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने सिर्फ 41 गेंदों का सामना किया और 7 चौकों के अलावा 5 छक्के मारे। 17 साल के अन्वय भारतीय अंडर-19 वनडे टीम का भी हिस्सा हैं। वह विकेटकीपिंग भी करते हैं। द्रविड़ ने कृष्णन के साथ 63 गेंदों पर 130 रनों की साझेदारी बनाई तो अनिकेत रेड्डी के साथ 22 गेंदों पर 57 रन जोड़े। इसकी वजह से ही उनकी टीम 418 रनों तक पहुंच पाई।
आर्यवीर अच्छी शुरुआत के बाद आउट हुए
इतने बड़े टारगेट के सामने दिल्ली की बैटिंग नहीं चली। दिल्ली के कप्तान आर्यवीर सहवाग ने 35 गेंदों पर 32 रनों की पारी खेली लेकिन कोई भी बल्लेबाज लंबे समय तक क्रीज पर टिक नहीं पाया। विकेटकीपर अभिराज गगन सिंह ने सबसे बड़ी 59 रनों की पारी खेली। 42वें ओवर में टीम की पारी 220 रनों पर सिमट गई। कर्नाटक के लिए ध्यान हिरेमठ सबसे सफल गेंदबाज रहे। 8.1 ओवर में उन्होंने सिर्फ 19 रन देकर 5 शिकार किए।
ग्रुप ई में कर्नाटक की टीम पॉइंट्स टेबल में टॉप पर है। तीन मैचों में उसे 2 जीत और एक हार मिली है। वहीं दूसरी तरफ दिल्ली आखिरी नंबर पर है। टीम 3 मैचों में एक ही जीत पाई है और उसका नेट रन रेट भी माइनस में है।