चारों तरफ बैरिकेडिंग, मेट्रो पर भी जवान, जंतर-मंतर पर CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ CJP का प्रदर्शन आज

कृष्णा कुणाल सिंह, नई दिल्ली: दिल्ली के जंतर-मंतर पर मुख्य निर्वाचन आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आज से कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन है। हालांकि, दिल्ली पुलिस ने गांधी जयंती के मौके पर जंतर मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन को अनुमति नहीं दी है। सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र नेताओं ने 2 अक्टूबर को सुबह 11 बजे जंतर-मंतर पर प्रदर्शन की कॉल दी है। नई दिल्ली इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। करीब दिल्ली पुलिस के 1000 से अधिक जवानों को सुरक्षा में लगाया गया है। इसके अलावा अर्ध सैनिक बल की कई टीमें लगाई गई हैं।

पुलिस के साथ CAPF की भी होगी तैनाती

पुलिस सूत्रों ने अनुमान जताया है कि प्रदर्शन में करीब 3,000 से 4,000 लोग जुट सकते हैं। अधिकारियों के मुताबिक, किसी भी संभावित भीड़ से निपटने के लिए केंद्रीय सशस्त्र पुलिस बल (CAPF) के जवानों को भी तैनात किया गया है। जंतर मंतर को चारों तरफ बैरिकेडिंग की गई है। आसपास के मेट्रो स्टेशन पर भी जवानों को तैनात किया गया है। ड्रोन और सीसीटीवी कैमरे से भी पूरे नई दिल्ली इलाके में नजर रखी जाएगी। पुलिस कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरे से भी लगातार निगरानी की जा रही है। सूत्रों के मुताबिक पुलिस की कोशिश होगी कि प्रदर्शनकारियों को जंतर मंतर पर आने से पहले ही रोक लिया जाए।

इस्तीफे की मांग, कई संगठन होंगे शामिल

जंतर मंतर पर ऑल इंडिया स्टूडेंट्स असोसिएशन (आइसा), राज्यसभा सांसद मनोज झा और सुप्रीम कोर्ट के वकील प्रशांत भूषण की ओर से इस प्रदर्शन का आह्वान किया गया है। चुनावी मतदाता सूचियों और चुनाव कराने के तरीके में कथित अनियमितताओं को लेकर ज्ञानेश कुमार के खिलाफ महाभियोग की मांग को लेकर प्रदर्शन करने जा रहे है। वहीं सीजेपी का कहना है कि सीईसी ज्ञानेश कुमार पहले इस्तीफा दे उन पर आपराधिक मामले दर्ज करें और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) रोकने की मांग की है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, AAP के वरिष्ठ नेता और कार्यकर्ता और इंडियन यूथ कांग्रेस के सदस्य भी प्रदर्शन में शामिल हो सकते हैं।

Spread the love