भोपाल बायपास स्थित सूखी सेवनिया पर सिक्स लेन फ्लाइओवर बनेगा। इसके लिए सोमवार को प्रभारी मंत्री चैतन्य काश्यप और विधायक रामेश्वर शर्मा ने भूमिपूजन किया। 28 करोड़ रुपए से बनने वाला सिक्सलेन ब्रिज 700 मीटर लंबा रहेगा।
भूमिपूजन कार्यक्रम में मंत्री काश्यप ने कहा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल को विश्वस्तरीय राजधानी बनाने का संकल्प लिया है। भोपाल को मेट्रोपोलिटन सिटी बनाने के उद्देश्य इसे महानगरों की तरह विकसित करने का सपना है। उसे लेकर यह महत्वपूर्ण पढ़ाव है।
विधायक शर्मा ने कहा कि बायपास एवं भोपाल विदिशा का जंक्शन होने की वजह से सूखी सेवनिया का यह चौराहा अत्यंत ही व्यस्ततम चौराहे में से एक है। यहां आए दिन लगने वाले ट्रैफिक जाम एवं दुर्घटनाओं को देखते हुए सिक्स लेन फ्लाइओवर का निर्माण किया जा रहा है। इस फ्लाइओवर की मांग किसी ने मुझसे नहीं की थी, लेकिन मैंने स्वयं इन समस्याओं का संज्ञान लेते हुए मुख्यमंत्री डॉ. यादव से फ्लाईओवर निर्माण कराए जाने का आग्रह किया था। इसके चलते आज यह सौगात मिलने जा रही है।
मुख्यमंत्री से मिलकर फोरलेन को सिक्स लेन कराया भोपाल बायपास रोड वर्तमान में फोरलेन है। इसलिए सूखी सेवनिया में बनने वाला यह फ्लाइओवर फोरलेन ही प्रस्तावित था लेकिन भविष्य की संभावनाओं को दृष्टिगत रखते हुए विधायक शर्मा ने मुख्यमंत्री से मांग की। उन्होंने भोपाल-इंदौर रोड के खजूरी पर बनने वाले फ्लाइओवर का निर्माण सिक्सलेन में किए जाने का आग्रह किया। जिसके फलस्वरूप इन दोनों ही फ्लाइओवर का निर्माण सिक्स लेन में किया जाना तय किया गया।
भोपाल बायपास भी होगा सिक्सलेन, डीपीआर बन रही है विधायक शर्मा ने कहा, भोपाल बायपास को भी सिक्सलेन किया जाएगा। इसकी डीपीआर तैयार की जा रही है। निश्चित रूप से दिन प्रतिदिन बढ़ते यातायात दबाव के चलते भोपाल बायपास का निर्माण सिक्स लेन में किया जाना अत्यंत ही आवश्यक हो गया है।
सूखी सेवनिया रेलवे स्टेशन को करेंगे विकसित विधायक शर्मा ने बताया, सूखी सेवानिया रेलवे स्टेशन को उच्च स्तरीय स्टेशन के रूप में विकसित किया जाएगा। जहां सुपरफास्ट एवं शताब्दी जैसी ट्रेनों का भी स्टॉपेज हो ऐसे प्रयास भारत सरकार से किए जाएंगे। बहुत तेजी से विकसित होते इस क्षेत्र में रेलवे की कनेक्टिविटी देना प्राथमिकताओं में शामिल हैं।
एक साल में बनकर तैयार होगा फ्लाइओवर की डिजाइन के अनुसार, दोनों तरफ 1-1 किलोमीटर सर्विस रोड के साथ 700 मीटर लंबे इस सिक्सलेन फ्लाइओवर निर्माण का कार्य लगभग एक वर्ष में MPRDC करेगा।