कड़ाके की ठंड से अब मिलेगी राहत, इंदौर, भोपाल सहित 6 जिलों में शीतलहर का असर

भोपाल। हवाओं का रुख बदलने से दिन और रात के तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है। इससे कड़ाके की ठंड से राहत मिल सकती है। मौसम विज्ञानियों ने रविवार तक शीतलहर का दौर थमने की उम्मीद जताई है। शुक्रवार को भोपाल, इंदौर, राजगढ़, खंडवा, शाजापुर, नरसिंहपुर जिले में शीतलहर और खरगोन में तीव्र शीतलहर का प्रभाव रहा। प्रदेश में सबसे कम आठ डिग्री सेल्सियस तापमान राजगढ़ में रिकॉर्ड किया गया। दिन का सबसे अधिक 30 डिग्री सेल्सियस तापमान मंडला में दर्ज किया गया। नर्मदापुरम व रीवा में सुबह न्यूनतम दृश्यता 500 मीटर रही।

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक शनिवार को दक्षिण अंडमान सागर में कम दबाव का क्षेत्र बनने जा रहा है। इसके पश्चिम-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ते हुए सोमवार को दक्षिण-पूर्व बंगाल की खाड़ी में अवदाब के क्षेत्र में परिवर्तित होने की संभावना है। वरिष्ठ मौसम विज्ञानी पीके रायकवार ने बताया कि बंगाल की खाड़ी में सक्रिय मौसम प्रणाली के प्रभाव से हवाओं का रुख पूर्वी एवं उत्तर पूर्वी होने लगा है। इससे तापमान में बढ़ोतरी होने लगी है।

ठंड का जलवा बरकरार रहेगा

यह सिलसिला तीन-चार दिन तक बना रह सकता है। वहीं मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने बताया कि हवाओं के रुख में तो बदलाव हुआ है, लेकिन रफ्तार काफी मंद है। इस कारण तापमान में मामूली बढ़ोतरी हो रही है। एक-दो दिन में प्रदेश को शीतलहर से राहत मिल सकती है, लेकिन ठंड का जलवा बरकरार रहेगा।

Spread the love