इमरान खान को लेकर दबाव में शहबाज सरकार, आज बहनों की जेल में हो सकती है मुलाकात, रावलपिंडी में धारा 144 लागू

इस्लामाबाद: पाकिस्तान के ऊपर बढ़ते अंतरराष्ट्रीय दबाव के बीच शहबाज शरीफ सरकार जेल में बंद पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान से उनकी बहन की मुलाकात करा सकती है। रिपोर्ट के अनुसार, इमरान खान की बहन मंगलवार 2 दिसम्बर को अदियाला जेल में उनसे मिल सकती हैं, जहां वह अगस्त 2023 से बंद हैं। अधिकारियों ने रावलपिंडी में धारा 144 लगा दी है, जिसके तहत लोगों के सार्वजनिक रूप से जमा होने पर रोक है। CNN-न्यूज18 ने इमरान खान के करीबी सूत्रों के हवाले से यह जानकारी दी है। रिपोर्ट में बताया है कि अदियाला जेल के अधिकारियों ने इमरान खान की बहन उजमा और एक जाने-माने वकील को ही उनसे मिलने की इजाजत दी है। इसे लेकर सोशल मीडिया पर बातचीत न करने की शर्त रखी गई है।

पाकिस्तानी अधिकारियों को सता रहा डर

सूत्रों ने बताया कि पाकिस्तानी अधिकारियों को इमरान खान की शारीरिक और मानसिक हालत के बारे में किसी भी लीक हुई जानकारी के बाद समर्थकों के भड़कने का डर सता रहा है। उन्हें डर है कि किसी अप्रिय जानकारी के बाद 9 मई 2023 को खान की गिरफ्तारी के बाद हुए विरोध प्रदर्शन जैसा बड़ा आंदोलन शुरू हो सकता है।

रावलपिंडी में धारा 144 लागू

इस बीच पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के अधिकारियों ने लोगों को रोकने के लिए रावलपिंड़ी में धारा 144 लगा दी है। इमरान खान की सेहत के बारे में अफवाह फैलने के बाद रावलपिंडी की अदियाला जेल परिसर के आस-पास पीटीआई समर्थकों के प्रदर्शन जारी हैं। खान की तीन बहनें, पीटीआई कार्यकर्ता और खैबर पख्तूनख्वा के सीएम सोहेल अफरीदी पिछले कुछ दिनों से अदियाला जेल के बाहर डेरा डाले हुए हैं और शहबाज शरीफ सरकार पर उनके परिवार के सदस्यों को उनसे मिलने देने का दबाव बना रहे हैं

पीटीआई का प्रदर्शन का ऐलान

इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ (PTI) ने मंगलवार को इस्लामाबाद हाईकोर्ट और अदियाला जेल के बाहर नए विरोध प्रदर्शन का ऐलान किया है। पाकिस्तान की शहबाज शरीफ सरकार को इसमें बड़ी संख्या के लोगों के पहुंचने का डर सता रहा है, जिसमें खासकर महिलाएं और पीटीआईके युवा कैडर शामिल हो सकते हैं। सरकार की चिंता खासतौर पर इस बात को लेकर है कि इमरान खान की बहन या वकील उनके साथ हिरासत में बुरे व्यवहार या टॉर्चर के संकेतों की जानकारी जनता को दे सकते हैं।

Spread the love