8,264 नोटिस के बाद भोपाल में आज से होगी सीलिंग, 6 विधानसभाओं में निगमकर्मी और 11 थानों की पुलिस रहेगी तैनात

भोपाल । आवासीय क्षेत्रों में धड़ल्ले से चल रहे व्यावसायिक कारोबार पर नगर निगम सोमवार से सीलिंग की कार्रवाई करने जा रहा है। सीलिंग कार्रवाई के पहले चरण में रहवासी क्षेत्रों में चल रहे होटल, रेस्टोरेंट, कारखाने, गोडाउन, पब, बार, जिम और शादी हाल जैसे प्रतिष्ठानों को नगर निगम ने चिह्नित किया है।

इसके लिए शहर के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में निगम के करीब 150 कर्मचारी मैदान में उतरेंगे। साथ ही शहर के 11 थानों का पुलिस बल भी मौजूद रहेगा।

8264 नोटिस जारी किए
सर्वोच्च न्यायालय के निर्देश पर कार्रवाई करते हुए नगर निगम ने आवासीय क्षेत्रों में संचालित व्यावसायिक गतिविधियों को लेकर शहर में 8264 नोटिस जारी किए हैं। इसके अलावा करीब 130 संपत्तियों को 24 घंटे में कारोबार बंद करने का अंतिम नोटिस दे चुका है।
अब इन संपत्तियों पर निगम की नजर है। नोटिस की अवधि खत्म होने के बाद सोमवार से कारोबारियों के पास कार्रवाई से बचने के लिए आखिरी मौका है।

24 घंटे की समयसीमा

निगम प्रशासन के अनुसार, हमने नोटिस में व्यपारियों से स्वयं रहवासी क्षेत्रों में कारोबार बंद करने के लिए कहा है, जिसके लिए 24 घंटे का अंतिम नोटिस भी दिया गया है।
इसके बाद भी सोमवार को इन संपत्तियों पर कारोबार चालू मिलता है तो उन्हें सील कर दिया जाएगा। बता दें कि वार्ड-58 के गौतम नगर स्थित आवासीय भवन में संचालित होटल को सील किया जा चुका है।

इन थानों का पुलिस बल रहेगा मौजूद

नगर निगम ने सीलिंग की कार्रवाई के लिए पुलिस प्रशासन से 11 थानों के पुलिस बल की मांग की है। कार्रवाई के दौरान मिसरोद, हबीबगंज, रातीबड़, कोहेफिजा, गोविंदपुरा, ऐशबाग, कोलार, तलैया, कोतवाली, शाहजहांनाबाद और गौतम नगर थाना का पुलिस बल भी मौजूद रहेगा। इसमें करीब 200 पुलिसकर्मी शामिल रहेंगे।

इन क्षेत्रों में होगी सीलिंग की कार्रवाई

– विधानसभा क्षेत्र – उत्तर विधानसभा

कार्रवाई के लिए चिह्नित क्षेत्र – ग्रीन पार्क कालोनी, फिरदौस नगर, पीजीबीटी रोड, कोहेफिजा
चिह्नित व्यावसायिक गतिविधियां – होटल, रेस्टोरेंट, जिम सहित अन्य व्यावसायिक गतिविधियां।

– विधानसभा क्षेत्र – नरेला

कार्रवाई के लिए चिह्नित क्षेत्र -रचना नगर, गौतम नगर, कस्तूरबा नगर और सुभाष नगर
चिह्नित व्यावसायिक गतिविधियां – होटल, रेस्टोरेंट, जिम, कारखाने व अन्य गतिविधियां।

– विधानसभा क्षेत्र – दक्षिण-पश्चिम

कार्रवाई के लिए चिह्नित क्षेत्र – केरवा रोड।
चिह्नित व्यावसायिक गतिविधियां – होटल, रेस्टोरेंट और जिम।

– विधानसभा क्षेत्र – मध्य विधानसभा

कार्रवाई के लिए चिह्नित क्षेत्र – अरेरा कालोनी, जहांगीराबाद, गिन्नौरी और खानूगांव।
चिह्नित व्यावसायिक गतिविधियां – होटल, रेस्टोरेंट, जिम, शादी हाल।

– विधानसभा क्षेत्र – गोविंदपुरा

कार्रवाई के लिए चिह्नित क्षेत्र – मिसरोद।
चिह्नित व्यावसायिक गतिविधियां – शोरूम, फैक्ट्री और गोडाउन।

विधानसभा क्षेत्र – हुजूर

कार्रवाई के लिए चिह्नित क्षेत्र – सर्वधर्म बी-सेक्टर और दानिश कुंज ।
चिह्नित व्यावसायिक गतिविधियां – होटल, रेस्टोरेंट, जिम व अन्य गतिविधियां।
Spread the love