दल्ली राजहरा। डौंडी लोहारा विधानसभा क्षेत्र की विधायक एवं पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया ने केंद्र सरकार के बजट पर कड़ा प्रहार करते हुए कहा कि यह बजट शब्दों और जुमलों से सजा हुआ है, इसमें देश की जनता की वास्तविक जिंदगी की झलक दिखाई नहीं देती।
पूर्व मंत्री अनिला भेड़िया ने कहा है कि आज देश का युवा बेरोज़गारी से जूझ रहा है, मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर लगातार गिरावट में है, विदेशी निवेशक भारत से पूंजी निकाल रहे हैं, मध्यम वर्ग की बचत तेजी से घट रही है और किसान संकट में फंसे हुए हैं। इसके बावजूद बीजेपी सरकार का बजट इन गंभीर मुद्दों पर पूरी तरह मौन है। श्रीमती भेड़िया ने तंज कसते हुए कहा कि सरकार ने एकबार फिर आंकड़ों और भाषणों से हकीकत छिपाने की कोशिश की है। न तो रोजगार सृजन को लेकर कोई ठोस रोडमैप है, न किसानों की आय बढ़ाने के लिए कोई ठोस पहल और न ही महंगाई से त्रस्त आम परिवारों को कोई वास्तविक राहत। उन्होंने कहा कि यह बजट विकास का रोडमैप नहीं, बल्कि सरकार की आत्मप्रशंसा का दस्तावेज है। देश को जिस संवेदनशीलता और दूरदृष्टि की जरूरत है, वह इस बजट में पूरी तरह नदारद है।अनिला भेड़िया ने कहा कि केंद्र की बीजेपी सरकार को आत्ममंथन करना चाहिए और जमीनी सच्चाइयों को स्वीकार करते हुए रोजगार, कृषि, छोटे उद्योग और आम जनता के हित में ठोस आर्थिक कदम उठाने चाहिए।