छत्तीसगढ़ में 28-29 अक्टूबर को भारी बारिश का अलर्ट:27 से बदलेगा मौसम, फिर गिरेगा पारा; बंगाल में बन रहे लो प्रेशर का असर

छत्तीसगढ़ में अगले कुछ दिनों तक मौसम ड्राई रहने के बाद 27 अक्टूबर से बारिश का दौर शुरू हो सकता है। बंगाल की खाड़ी में बन रहा लो प्रेशर मजबूत होकर साइक्लोन में बदल सकता है।

मौसम विभाग के मुताबिक, 28 और 29 अक्टूबर को प्रदेश के कुछ इलाकों में भारी बारिश होने की संभावना है।

प्रदेश में अगले तीन दिनों के दौरान न्यूनतम तापमान 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिर सकता है। इससे सुबह और रात के समय हल्की ठंड महसूस हो सकती है। फिलहाल प्रदेश में कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है।

रायपुर में मौसम साफ रहेगा

आज (24 अक्टूबर) मौसम साफ रहने की संभावना है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।

23 अक्टूबर को रायपुर में अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.8 डिग्री अधिक था। वहीं, न्यूनतम तापमान 22 डिग्री रहा, जो सामान्य से 1.6 डिग्री कम था।

अंबिकापुर में सबसे कम तापमान, रायपुर सबसे गर्म

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 23 अक्टूबर को प्रदेश में सबसे अधिक अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस रायपुर में दर्ज किया गया। वहीं, अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 13.9 डिग्री सेल्सियस रहा, जो प्रदेश में सबसे कम था।

Spread the love