अपने दामाद शादाब खान लिए मोहम्मद हफीज से लड़ गए सकलैन मुश्ताक, लाइव शो पर हुई जमकर बहस

नई दिल्ली: आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में बीते 24 फरवरी को पल्लेकेले में इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच सुपर 8 का मुकाबला खेला गया। दोनों टीमों के बीच रोमांचक मुकाबला हुआ, जिसे अंत में इंग्लैंड ने 2 विकेट से अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ इंग्लैंड सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बन गई है। दूसरी ओर, पाकिस्तान लगभग सेमीफाइनल की रेस से बाहर हो गया है। उनका क्वालीफाई करना बहुत ज्यादा मुश्किल है। पाकिस्तान अब पूरी तरह से दूसरी टीमों के मैचों के रिजल्ट पर निर्भर है। हालांकि इस मैच में पाकिस्तान के ऑलराउंडर शदाब खान का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा।

शदाब खान ने फिर किया निराश

एक बार फिर पाकिस्तान के अनुभवी ऑलराउंडर शदाब खान बड़े मैट में फेल हो गए। वह बल्ले और गेंद दोनों से फ्लॉप रहे। शदाब ने बैटिंग करते हुए 23 रन बनाए। इसके बाद बॉलिंग में 3 ओवर में 31 रन खर्च किए और 1 भी विकेट नहीं लिया। अब सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हो रही है, जिसमें शदाब खान को लेकर पाकिस्तान के दो पूर्व खिलाड़ी सकलैन मुश्ताक और मोहम्मद हफीज बहस कर रहे हैं।

सकलैन मुश्ताक और मोहम्मद हफीज के बीच हुई बहस

सोशल मीडिया पर वायरल हो रही वीडियो इंग्लैंड के खिलाफ शदाब खान के खराब प्रदर्शन के बाद की है। बता दें कि उस वीडियो में जहां सकलैन मुश्ताक शदाब खान का बचाव कर रहे थे तो दूसरी ओर मोहम्मद हफीज उनकी आलोचना कर रहे थे। दोनों के बीच इसको लेकर बहस भी हुई।सकलैन मुश्ताक का मानना है कि शदाब खान बैटर और बॉलर दोनों हैं। वहीं हफीज का मानना है कि जो ऑलराउंडर होता है उसको पहले उस चीज में बेस्ट होना चाहिए, जिसके चलते टीम में उनकी जगह मिली है। उदाहरण के लिए अगर कोई बॉलिंग ऑलराउंडर है तो वह टीम को पहले बॉलिंग में अच्छा करकर दिखाए फिर बल्लेबाजी के बारे में सोचे। वहीं अगर कोई बैटिंग ऑलराउंडर है तो वह अपनी बैटिंग पर ज्यादा फोकस करे। अपनी इस बात के लिए हफीज ने खुद का भी उदाहरण दिया। बता दें कि शदाब खान सकलैन मुश्ताक के दामाद हैं। उन्होंने सकलैन की बेटी मलाइका सकलैन से जनवरी 2023 में निकाह किया था।

Spread the love