बांग्लादेश में बस के पद्मा नदी में गिरने से 18 लोगों की मौत, कई लापता, सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

ढाका: बांग्लादेश में बुधवार को कम से कम 40 लोगों को ले जा रही एक बस नाव पर चढ़ने की कोशिश करते समय पद्मा नदी में गिर गई। इस हादसे में अभी तक 18 लोगों के मौत की पुष्टि हुई है। कई यात्रियों के लापता होने की आशंका है। बांग्लादेशी अधिकारियों ने बताया कि यह दुर्घटना दक्षिण-पश्चिमी राजबारी में दौलाडिया टर्मिनल पर शाम लगभग 5.15 बजे हुई और बस पद्मा नदी में गिर गई।

18 लोगों के शव बरामद

घटनास्थल पर मौजूद एक अधिकारी ने पत्रकारों को बताया, ‘हमारी प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, ढाका जा रही बस में 40 यात्री सवार थे। वह (दौलाडिया) टर्मिनल पर नौका पर चढ़ते समय नदी में गिर गई।’ निजी टीवी चैनल सोमॉय ने बताया कि गोताखोरों ने अब तक बस से 18 लोगों के शव बरामद किए हैं और अन्य को निकालने के प्रयास जारी हैं।

मृतकों में महिलाएं और बच्चे शामिल

डेली स्टार से बात करते हुए राजबारी अग्निशमन सेवा और नागरिक सुरक्षा के उप सहायक निदेशक, दीवान सोहेल राणा ने बताया कि शुरुआत में दो शव बरामद किए गए थे। बाद में, बचाव पोत हमजा ने रात 11:50 बजे डूबी हुई बस को ऊपर उठाया, जिसके दौरान 18 और शव बरामद हुए। दमकल सेवा और नागरिक सुरक्षा के मीडिया विंग ने बताया कि इनमें चार पुरुष, दस महिलाएं और दो बच्चे शामिल थे।

प्रत्यक्षदर्शियों ने क्या बताया

दौलतदिया फेरी घाट के परिवहन पर्यवेक्षक मोहम्मद मोनिर हुसैन ने बताया कि बस शाम 5:00 बजे के कुछ देर बाद पोंटून नंबर 3 पर पहुंची। उसी समय, वाहनों को ले जाने वाली एक फेरी मानिकगंज के पटुरिया के लिए रवाना हुई। फेरी में सवार न हो पाने के कारण बस ने दूसरी फेरी का इंतजार किया। शाम करीब 5:15 बजे, हसना हेना नामक एक छोटी नौका ने पोंटून को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर के कारण बस अनियंत्रित होकर नदी में गिर गई। हुसैन ने कहा, “हमारी आंखों के सामने ही बस नदी में गिर गई, लेकिन हम कुछ नहीं कर सके।”

Spread the love