नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सेवा यात्रा में शामिल लोगों से बातचीत के दौरान कई अहम बातें कहीं। पीएम मोदी ने कहा कि सेवा संकल्प यात्रा में जो अनुभव आपको मिल रहे हैं, ये सचमुच में अमूल्य हैं। ये आपकी पूरी जीवन यात्रा में एक नई ऊर्जा भर देगी। लोगों के बीच जाना और उनसे जुड़ना, उसमें अपने आपको ढाल देना, ये अपने आप में एक अद्भूत अनुभव होता है। अलग-अलग प्रदेश के गांवों में आप जब जाएंगे तो आपको पता चलेगा कि भारत कितना भव्य, विशाल है। ये सब आप किताबों में नहीं समझेंगे जो आप इस यात्रा में देख सकते हैं।
हमें सिर्फ वोट बैंक पर ध्यान नहीं देना चाहिए: पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी ने कहा कि जब हम महात्मा गांधी के जीवन को देखते हैं, तो पाते हैं कि उन्होंने न केवल अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी और स्वतंत्रता आंदोलन का नेतृत्व किया, बल्कि वे एक महान समाज सुधारक भी थे। उन्होंने समाज में मौजूद बुराइयों के खिलाफ लगातार आवाज उठाई और कदम उठाए।
काम करने वाले हमारे भाई-बहनों को सम्मान मिले
पीएम मोदी ने कहा कि हमें यह सुनिश्चित करना होगा कि सफाई का काम करने वाले हमारे भाई-बहनों को सम्मान और इज्जत मिले और हम उन्हें अपनाएं। समाज के लिए उनकी जो बड़ी सेवा है, वह सम्मान के काबिल है। ये मूल्य हर घर और हर व्यक्ति के जीवन में अपनाए जाने चाहिए।
पीएम मोदी ने पंडित दीनदयाल के 7 सूत्रों का किया जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि पंडित दीनदयाल ने हमें समाज के कर्तव्यों को निभाने के लिए सात सूत्र दिए हैं। आज के पुण्य दिन वो सात सूत्रों का स्मरण हर भाजपा कार्यकर्ता को नई ऊर्जा से भर देता है। ये सात सूत्र हैं- सेवाभाव, संतुलन, संयम, समन्वयक, सकारात्मकता, संवेदना और संवाद।