वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस को धोने के बाद लिखा 4 शब्द का मैसेज, फैंस से कही दिल की बात

नई दिल्ली: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का 13वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स और मुंबई इंडियंस के बीच बीते 8 अप्रैल को गुवाहाटी के बरसपारा क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया। बारिश के चलते यह मैच सिर्फ 11-11 ओवर का ही हुआ। राजस्थान ने 27 रन से इस मैच को अपने नाम कर लिया। आरआर ने लगातार तीसरा मुकाबला अपना जीता। राजस्थान रॉयल्स की इस जीत में वैभव सूर्यवंशी ने बल्ले से अहम योगदान दिया।

वैभव सूर्यवंशी ने खेली तूफानी पारी

15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ तूफानी पारी खेली। उन्होंने दिग्गज जसप्रीत बुमराह के खिलाफ भी अपना गेम प्लान नहीं बदला और बुमराह जैसे महान गेंदबाज को पहले ही ओवर में 2 छक्के लगा दिए। वैभव ने एमआई के खिलाफ सिर्फ 14 गेंद में 39 रन बनाए। वैभव सूर्यवंशी ने 278.57 के स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए अपनी पारी में 5 छक्के और 1 चौका लगाया।

मैच के बाद सूर्यवंशी ने शेयर किया खास पोस्ट

राजस्थान रॉयल्स की मुंबई इंडियंस पर जीत के बाद वैभव सूर्यवंशी ने सोशल मीडिया के चर्चित प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम पर एक खास पोस्ट शेयर किया है। उन्होंने मैच की कुछ तस्वीरें शेयर करते हुए लिखा, ‘सपोर्ट के लिए शुक्रिया।’

कुछ ऐसा रहा मैच का हाल

मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया था। आरआर ने तूफानी बैटिंग करते हुए 11 ओवर में 3 विकेट पर 150 रन लगा दिए। हालांकि 151 रन का टारगेट का पीछा करते हुए मुंबई 11 ओवर में 9 विकेट पर 123 रन ही बना पाई और 27 रन से मैच हार गई। लगातार तीसरी जीत के बाद राजस्थान रॉयल्स 6 अंक के साथ पॉइंट्स टेबल में टॉप पर आ गई है। वहीं मुंबई इंडियंस की यह तीसरे मैच में दूसरी हार थी। 2 पॉइंट्स के साथ एमआई टेबल में 7वें पायदान पर है।

Spread the love