कोलंबो: पुरातत्वविदों ने श्रीलंका के उत्तरी क्षेत्र में द्वीपों पर इंसानी बसावट के सबसे शुरुआती सबूतों की पहचान की है, जो अब तक चली आ रही धारणाओं को बदल सकते हैं। वेलनाई द्वीप पर ऑर्कियोलॉजिस्ट को प्रागैतिहासिक काल में बसावट के सबूत मिले हैं, जो लगभग 25000 साल पुराने हो सकते हैं। लंबे समय से माना जाता रहा है कि पत्थर के संसाधनों की कमी और अर्ध-शुष्क परिृदृश्य के कारण यह क्षेत्र इंसानी बसावट के लिए उपयुक्त नहीं है, लेकिन हालिया स्टडी के निष्कर्ष इस पुरानी धारणा को चुनौती देते हैं।
रामायण काल से पहले के भी सबूत
उत्तरी श्रीलंका के वेलनाई द्वीप में मिले सबूत लगभग 25000 साल पहले के माने जाते हैं। अगर ऐसा है, तो ये कालक्रम रामायण काल की श्रीलंका से भी पुराना हो सकता है। हालांकि, श्रीलंका के नम दक्षिणी क्षेत्रों में 5300 और 3400 ईसा पूर्व के आस-पास सीपियों के ढेर वाली बसावट के कई सबूत मिलते हैं, लेकिन उत्तरी श्रीलंका में ऐसी बसावट की कमी है।
उत्तरी श्रीलंका में सबसे पुरानी मानव बस्ती
उत्तरी श्रीलंका के जाफना प्रायद्वीप में स्थित वेलनाई द्वीप पर पुरातत्वविदों को एक विशाल शंख-स्तंभ मिला है। इसका सबसे पुराना समुद्री जमाव 6300 से 5970 ईसा पूर्व का है। यहां सबसे पुरानी मानव बस्ती लगभग 3460 ईसा पूर्व की है, जो इसे उत्तरी श्रीलंका में वैज्ञानिक रूप से सबसे पुरानी प्रागैतिहासिक बस्ती बनाती है।
रामायण काल में श्रीलंका
श्रीलंका का उल्लेख भारतीय महाकाव्य रामायण में भी मिलता है, जिसमें राम और रावण के बीच युद्ध का विस्तार से वर्णन है। इतिहासकार इस ग्रंथ के रचनाकाल को लगभग 5000 साल पुराना मानते हैं। हालांकि, कुछ इसकी भाषा के आधार पर इसे 2000 साल पहले लिखा हुआ बताते हैं। इस ग्रंथ में श्रीलंका की जो भौगोलिक स्थिति बताई गई है और वर्तमान में भारत के दक्षिण में स्थिति द्वीपीय देश से मेल खाती है।