भोपाल। राजधानी भोपाल में शनिवार रात तेज रफ्तार कार से करीब 12 किलोमीटर तक सड़क पर आतंक मचाने वाले दोनों आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार कर एक दिन की रिमांड पर लिया है।मामले में पुलिस अब उनके अन्य साथियों और पूरी घटनाक्रम की विस्तृत जांच कर रही है।
लोकायुक्त में पदस्थ प्रधान आरक्षक के बेटे की कार ने मचाया था भोपाल की सड़कों पर कोहराम, दोनों आरोपी रिमांड पर
पुलिस के अनुसार, घटना में इस्तेमाल की गई कार आदित्य हरियालिया की है। उसके पिता लोकायुक्त कार्यालय में प्रधान आरक्षक पद पर पदस्थ हैं। मामले में पुलिस ने तीन अन्य युवकों की तलाश भी शुरू कर दी है। इसके साथ ही अलग-अलग थाना क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं, ताकि पूरी वारदात की क्रमवार जानकारी जुटाई जा सके।
पुलिस जांच में सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपित सर्वा दुबे (19) लॉ प्रथम वर्ष का छात्र है, जबकि उसका साथी आदित्य हरियालिया एक निजी कॉलेज में बीटेक की पढ़ाई कर रहा है। दोनों ने पूछताछ में बताया कि वे बैरागढ़ स्थित एक क्लब में अपने दोस्त तुषार की बर्थडे पार्टी में शामिल होने गए थे, जहां उन्होंने शराब पी थी।
बताया जा रहा है कि शुरुआत में कार आदित्य चला रहा था, लेकिन अधिक नशे की स्थिति में उसने रेलवे स्टेशन के पास वाहन सर्वा को सौंप दिया। इसके बाद सर्वा ने तेज रफ्तार में कार दौड़ाते हुए रास्ते में कई वाहनों और राहगीरों को टक्कर मार दी।
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि घटना के समय कार में कुल कितने युवक मौजूद थे और हादसे के दौरान उनकी क्या भूमिका रही।
राजधानी भोपाल में शनिवार रात एक तेज रफ्तार कार ने करीब 12 किलोमीटर तक सड़कों पर आतंक मचाया था। शराब के नशे में धुत एक लॉ कॉलेज छात्र ने रेलवे स्टेशन प्लेटफॉर्म नंबर-1 से मिनाल रेसीडेंसी तक कार दौड़ाते हुए रास्ते में आने वाले वाहनों, ठेलों, बाइक सवारों और राहगीरों को टक्कर मार दी।
इस घटनाक्रम में महिला और बच्चों समेत 40 से अधिक लोग घायल हो गए थे। हादसे के बाद गुस्साए लोगों ने कार का पीछा किया और मिनाल रेसीडेंसी के पास कार पंचर होने पर चालक को पकड़ लिया था।