अंबिकापुर। वित्त मंत्री एवं सरगुजा जिले के प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने जिला कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित विभागीय समीक्षा बैठक में विभिन्न योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को जनप्रतिनिधियों के साथ समन्वय बनाकर शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के निर्देश दिए। बैठक में प्रधानमंत्री आवास योजना, पेयजल, बिजली, सड़क, तेंदूपत्ता संग्रहण, वृक्षारोपण, हाथी प्रभावित क्षेत्रों में राहत वितरण, महतारी वंदन योजना, ई-केवाईसी और पीएम सूर्यघर योजना की प्रगति पर चर्चा हुई। मंत्री ने लंबित आवासों का निर्माण जल्द पूरा करने, पेयजल-बिजली समस्याओं का समाधान करने और वर्षा से पहले निर्माण कार्य पूर्ण कराने पर जोर दिया। सुशासन तिहार के तहत प्राप्त आवेदनों के समयबद्ध निराकरण और जहां संभव हो, मौके पर समाधान करने के निर्देश दिए गए। राजस्व मामलों में सीमांकन, नामांतरण, त्रुटि सुधार और अतिक्रमण प्रकरणों के शीघ्र निपटारे पर भी बल दिया गया। कृषि विभाग की समीक्षा के दौरान किसानों को समय पर खाद-बीज उपलब्ध कराने, उर्वरकों की कालाबाजारी रोकने और विक्रय केंद्रों की नियमित निगरानी करने के निर्देश दिए गए। बैठक में सांसद चिंतामणि महाराज, विधायक प्रबोध मिंज, कलेक्टर अजीत वसंत सहित जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।
सरगुजा में विकास कार्यों की समीक्षा, प्रभारी मंत्री ओपी चौधरी ने दिए त्वरित क्रियान्वयन के निर्देश