भोपाल। श्यामला हिल्स थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार रात एक तेज रफ्तार कार ने एक पैदल व्यक्ति को टक्कर मार दी। हादसे में अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं आरोपी कार चालक मौके से फरार हो गया। कार चालक पॉलिटेक्निक चौराहे से कमला पार्क की ओर जा रहा था। पुलिस सीसीटीवी कैमरे के जरिए आरोपी की पहचान कर रही है।
परिवार से अलग रहकर किलोल पार्क के पास करते थे जीवनयापन
पुलिस के अनुसार, 52 वर्षीय मोहर सिंह बैरसिया स्थित दौलतपुरा में रहते थे। मोहर सिंह पिछले कुछ समय से परिवार से अलग रह रहे थे और किलोल पार्क क्षेत्र के आसपास रहकर अपना जीवनयापन कर रहे थे।
होटल से खाना लेकर लौट रहे थे, पीछे से कार ने मारी टक्कर
बुधवार-गुरुवार रात करीब 12:45 बजे वह एक होटल से खाना लेकर जा रहे थे। तभी पॉलिटेक्निक चौराहे की ओर से आ रही तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को तत्काल उपचार के लिए हमीदिया अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
अस्पताल से मिली सूचना के बाद श्यामला हिल्स पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। श्यामला हिल्स थाना प्रभारी नीलम पटवा का कहना है कि टक्कर मारने वाली कार की पहचान की जा रही है।