मुजफ्फरपुर: बिहार के मुजफ्फरपुर जिले से पुलिस महकमे को हैरत में डालने वाला एक मामला सामने आया है। यहां के कांटी थाना क्षेत्र में मोहर्रम जुलूस के दौरान सुरक्षा-व्यवस्था और शांति बनाए रखने के लिए तैनात एक दारोगा (सब-इंस्पेक्टर) ड्यूटी के दौरान खुद ही तलवारबाजी का हैरतअंगेज करतब दिखाने लगे।
खाकी वर्दी पहने दारोगा द्वारा सार्वजनिक रूप से किए गए तलवारबाजी का वहां मौजूद किसी व्यक्ति ने वीडियो बना लिया और सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो के इंटरनेट पर आने के बाद मुजफ्फरपुर के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) ने मामले का संज्ञान लिया और पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच के सख्त निर्देश जारी किए हैं।
मोहर्रम जुलूस की ड्यूटी में तैनात थे एसआई मुस्तकीम
वीडियो के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, ये पूरा घटनाक्रम कांटी थाना क्षेत्र का है। वहां मोहर्रम के त्योहार को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे और भीड़ को नियंत्रित करने व कानून-व्यवस्था सुचारू रखने के लिए कांटी थाने के सब-इंस्पेक्टर (SI) मुस्तकीम खान को पुलिस बल के साथ तैनात किया गया था। लेकिन जुलूस के गुजरने के दौरान दारोगा जी अपनी ड्यूटी भूलकर अखाड़े में उतर गए और हाथ में तलवार थामकर करतब दिखाने में मशगूल हो गए।
सोशल मीडिया पर वीडियो आने के बाद मची खलबली
दारोगा के इस अचरज भरे व्यवहार को देखकर वहां मौजूद लोगों ने तुरंत अपने मोबाइल कैमरे खोल लिए, जिसके पास भी मोबाइल थी सबने इसे रिकॉर्ड किया।
- सुरक्षा व्यवस्था संभालने आए दारोगा को तलवार चमकाते देख मौके पर मौजूद लोगों पूरा वीडियो रिकॉर्ड कर लिया।
- मोबाइल से रिकॉर्ड किया गया ये वीडियो विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर दिखने से पुलिस महकमे तक पहुंच गया।
- सोशल मीडिया पर दिख रहे इस वीडियो की सत्यता और प्रामाणिकता की स्वतंत्र रूप से पुष्टि एनबीटी नहीं करता है।
एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने दिए जांच के आदेश
इस पूरे मामले के तूल पकड़ने और वीडियो के सामने आने के बाद मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार मिश्र ने तुरंत एक्शन लिया। उन्होंने मीडिया को बताया कि सोशल मीडिया पर दिख रहे वीडियो की पूरी गंभीरता से जांच कराई जा रही। एसएसपी ने स्पष्ट किया कि अगर जांच में ये वीडियो पूरी तरह सही पाया जाता है और ऑन-ड्यूटी पुलिसकर्मी द्वारा आचरण नियमों (कंडक्ट रूल्स) का उल्लंघन प्रमाणित होता है, तो संबंधित दारोगा के खिलाफ नियमानुसार सख्त अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
वर्दी में दारोगा द्वारा तलवार चलाए जाने का वीडियो सामने आने के बाद से जिला पुलिस महकमे के भीतर भी इसकी खूब चर्चा हो रही है। पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों के बीच यह मामला कौतूहल और बहस का विषय बन गया है कि ड्यूटी पर तैनात रहते हुए ऐसा करना कितना जायज है।