कीर्तन कर रहे लोगों को कार ने रौंदा,5 की मौत

सुपौल, सुपौल में तेज रफ्तार कार ने 6 लोगों को रौंद दिया। हादसे में 5 लोगों की मौत हो गई है। एक की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसा कटैया चौक के पास NH-327E किनारे स्थित बजरंगबली मंदिर के पास हुआ।

मंगलवार की रात कुछ लोग बजरंगबली मंदिर के पास सड़क किनारे बैठकर कीर्तन कर रहे थे। तभी अनियंत्रित कार 6 लोगों को रौंदते हुए एक गैराज में जा घुसी।

एक्सीडेंट के बाद कार चालक उसकी पत्नी और दो बच्चों को लोगों ने पकड़ लिया। सुरक्षा के लिहाज से तीनों को पास के ही एक दुकान में ले जाकर शटर गिराकर बंद कर दिया।

बताया जा रहा है कि ट्रैक्टर से बचने के चक्कर में कार सवार ने स्टेयरिंग घुमाई और ये हादसा हो गया। लोगों के मुताबिक कार की रफ्तार 150Km/h थी। टक्कर के बाद लोग उछलकर 10 फीट दूर जाकर गिरे।

मृतकों की पहचान तिलाई दास (65), राजू दास (50),सुरेंद्र यादव (45), भुवनेश्वरी यादव उर्फ कोयली यादव और कृष्ण मोहन साह के रूप में हुई है।

150 से ज्यादा थी गाड़ी की स्पीड

प्रत्यक्षदर्शी मोहम्मद याकूब ने बताया कि 30-35 लोग मंगलवार को भजन-कीर्तन के लिए सड़क किनारे जुटे थे। इसी दौरान पिपरा की ओर से तेज रफ्तार में आई कार अनियंत्रित होकर कीर्तन कर रहे लोगों को कुचलते हुए करीब 50 मीटर तक आगे गई और एक गैराज में जा घुसी।

गाड़ी की रफ्तार करीब 150 किमी प्रति घंटे से ज्यादा रही होगी। टक्कर के बाद अफरा-तफरी मच गई। अंधेरे में सब लोग इधर-उधर भागने लगे।

सड़क की सफेद लाइन के बाहर बैठे लोग बचे

स्थानीय लोगों के मुताबिक, बजरंगबली मंदिर के पास हर मंगलवार की शाम भजन-कीर्तन का आयोजन होता है। मंगलवार को भी सावन के झूलन के मौके पर बड़ी संख्या में लोग जुटे थे।

जो लोग सड़क की सफेद लाइन की दूसरी तरफ बैठे थे, वे बच गए। जबकि सड़क पर सफेद लाइन के आसपास बैठे लोगों को तेज रफ्तार कार ने अपनी चपेट में ले लिया।

हादसे में 3 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन दोनों ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वहीं एक घायल का इलाज मधेपुरा मेडिकल कॉलेज अस्पताल में चल रहा है।

Spread the love