भोपाल, भोपाल के इमामी गेट इलाके में चाय-नाश्ते का ठेला लगाने वाले 53 वर्षीय चेतराम किरार की करंट लगने और ठेले से गिरने के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें करंट लगने के बाद वह ठेले से नीचे गिरते दिखाई दे रहे हैं। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
53 वर्षीय चेतराम कहार पिता मुरलीधर कहार मूल रूप से औबेदुल्लागंज के रहने वाले थे। पिछले करीब 15 वर्षों से भोपाल में रहकर पीर गेट इलाके में चाय-नाश्ते का ठेला लगाकर परिवार का पालन-पोषण कर रहे थे। 21 जून की दोपहर वह अपने ठेले पर ग्राहकों को चाय और नाश्ता परोस रहे थे। ठेले के पास रखी इलेक्ट्रिक भट्टी के बिजली के तार में कट था, जिसकी जानकारी उन्हें नहीं थी।
शॉक लगते ही जमीन पर गिरे
काम के दौरान जैसे ही उनका संपर्क कटे हुए तार से हुआ, उन्हें तेज करंट लगा। करंट के झटके से वह संतुलन खोकर ठेले से नीचे गिर पड़े, जिससे उनके सिर में गंभीर चोट आई। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां से उन्हें हमीदिया अस्पताल में भर्ती कराया गया। इलाज के दौरान बुधवार सुबह उनकी मौत हो गई।
घटना का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें करंट लगने के बाद चेतराम ठेले से नीचे गिरते दिखाई दे रहे हैं। सूचना मिलने पर कोतवाली थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी। पोस्टमार्टम के बाद बुधवार को शव परिजनों को सौंप दिया गया।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
चेतराम किरार अपने पीछे पत्नी, एक बेटी और तीन बेटों का परिवार छोड़ गए हैं। उनकी असमय मौत से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। पुलिस हादसे के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।