जीजा करता था रेकी, साला झपटता था चेन… भोपाल के कोलार में महिला से लूट करने वाली जोड़ी चढ़ी पुलिस के हत्थे

भोपाल। कोलार रोड थाना इलाके के दानिश कुंज में सुबह की सैर पर निकली एक महिला से सोने की चेन झपटकर फरार हुए दो बदमाशों को पुलिस ने झाबुआ के कुंदनपुर से गिरफ्तार कर लिया है। पकड़े गए आरोपित आपस में जीजा-साले हैं और दोनों ही भोपाल के सूचीबद्ध बदमाश हैं। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से लूटी गई हीरे के पेंडल वाली सोने की चेन बरामद कर ली है।

पुलिस के मुताबिक, बीते 18 जून को दानिश कुंज निवासी 57 वर्षीय सरिता राजहंस सुबह करीब 4:50 बजे टहलने निकली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात युवक ने उनके गले से सोने की चेन झपटी और भाग निकला। कोलार पुलिस ने शिकायत पर एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की थी।

350 से अधिक कैमरों से मिला सुराग

वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कमिश्नर संजय कुमार और एडिशनल कमिश्नर शैलेंद्र चौहान के निर्देश पर डीसीपी आदर्शकांत शुक्ला ने कोलार थाना प्रभारी संजय सोनी के नेतृत्व में विशेष टीमें गठित की गईं। पुलिस ने घटनास्थल और आरोपित के भागने के रास्तों पर लगे करीब 350 सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। तकनीकी विश्लेषण के आधार पर आरोपितों की पहचान पिपलानी के निगरानी बदमाश बबलू सरकार उर्फ पंकज (28) और सूरज मेड़ा (23) के रूप में हुई।

आरोपी के खिलाफ कई धाराओं में केस दर्ज

जब पुलिस को इनकी लोकेशन झाबुआ में मिली, तो तत्काल टीम भेजकर दोनों को दबोच लिया गया। पूछताछ में आरोपी बबलू ने महिला की रेकी करना और साले सूरज ने चेन झपटना स्वीकार किया। बता दें कि बबलू सरकार उर्फ पंकज पिपलानी थाने का सूचीबद्ध निगरानी बदमाश, भोपाल के विभिन्न थानों में 22 अपराध दर्ज और कोलार थाने के दो स्थायी वारंट लंबित है। जबकि सूरज मेड़ा आरोपित के खिलाफ पहले से 13 अपराध दर्ज हैं और एक स्थायी वारंट जारी था।

Spread the love