बलरामपुर । बलरामपुर जिले के वाड्रफनगर ब्लॉक के हरिगवां गांव की महिला सरपंच मनबसिया ने आरोप लगाया है कि सार्वजनिक कार्यक्रम में उपसरपंच व भाजपा नेता मंशाराम साहू द्वारा माला पहनाने के बाद खैरबार समाज ने उनके पूरे परिवार का सामाजिक बहिष्कार कर दिया। उनका कहना है कि करीब एक वर्ष से उन्हें और उनके पति देवेंद्र खैरबार को समाज के किसी भी सामाजिक या पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल नहीं किया जा रहा है, जिससे परिवार मानसिक तनाव में है।
महिला सरपंच ने भाजपा नेता मंशाराम साहू पर पंचायत के विकास कार्यों में बाधा डालने, फाइलें रोकने और काम शुरू कराने के नाम पर पैसों की मांग करने का भी आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि विरोध करने पर उन्हें धमकाया जा रहा है, जिससे पंचायत के विकास कार्य प्रभावित हो रहे हैं। मामले की शिकायत रघुनाथनगर थाने के साथ एसपी और सरगुजा आईजी को भी भेजी गई है।
थाना प्रभारी धीरेंद्र तिवारी ने बताया कि दोनों पक्षों की शिकायत मिली है और जांच जारी है। वहीं वाड्रफनगर एसडीएम नीरनिधि नन्देहा ने कहा कि सामाजिक बहिष्कार उचित नहीं है। पुलिस और प्रशासन समाज के लोगों से चर्चा कर मामले का समाधान कराने का प्रयास करेगा।