भोपाल, भोपाल के गांधी नगर थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवक ने अपनी कथित प्रेमिका के घर में घुसकर फांसी लगाकर जान दे दी। घटना का पता शुक्रवार सुबह तब चला, जब घर के परिजन ने किचन में युवक का शव फंदे पर लटका देखा। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मर्ग कायम किया और जांच शुरू कर दी।
पुलिस के अनुसार, मृतक मुकेश मालवीय निवासी पामाखेड़ी, सिरोंज (विदिशा) किसान परिवार से था और इन दिनों राहुल नगर स्थित अपने चाचा के यहां रह रहा था। जांच में सामने आया कि उसकी पास में रहने वाली युवती से दोस्ती थी। परिजन द्वारा युवती का मोबाइल रख लेने और दोनों की बातचीत बंद कराए जाने के बाद युवक मानसिक तनाव में था।
गुरुवार देर रात वह दीवार फांदकर युवती के घर में घुसा और किचन में फांसी लगा ली। पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है।