राजधानी के बाग सेवनिया क्षेत्र में रविवार सुबह एक बुजुर्ग ऑटो में सफर के दौरान शातिर चोरों का शिकार हो गए। तीन युवक सवारी बनकर ऑटो में बैठे और मौका मिलते ही 71 वर्षीय बुजुर्ग के बैग से करीब आठ लाख रुपये के जेवरों से भरा डिब्बा पार कर दिया।
चोरी का पता चलते ही बुजुर्ग ने हिम्मत दिखाते हुए बदमाशों का पीछा किया, लेकिन वे अपार्टमेंट के रास्ते फरार होने में सफल रहे। घटना के सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और ऑटो चालक की भूमिका भी संदेह के घेरे में है
रास्ते में हुई वारदात
पेबल वे कॉलोनी निवासी मोतीलाल पटेल, जो सिंचाई विभाग से सेवानिवृत्त हैं, रविवार सुबह रेवांचल एक्सप्रेस से रानी कमलापति रेलवे स्टेशन पहुंचे थे। वहां से उन्होंने पेबल वे कॉलोनी जाने के लिए ऑटो किया। रास्ते में बाग सेवनिया थाने के पास ऑटो चालक ने तीन युवकों को भी सवारी के रूप में बैठा लिया। इस दौरान युवकों ने उनका बैग पीछे रख दिया। कुछ दूरी तय करने के बाद मोतीलाल ने बैग देखा तो उसमें रखा जेवरों का डिब्बा गायब था।
लोडिंग ऑटो से किया पीछा
- जेवर गायब होने का एहसास होते ही मोतीलाल को साथ बैठे युवकों पर शक हुआ। इसी बीच तीनों ऑटो से उतरकर भागने लगे। बुजुर्ग ने भी उनका पीछा किया और एक लोडिंग ऑटो की मदद से यूनियन बैंक तक पहुंच गए। वहां बदमाश दिखाई भी दिए, लेकिन वे एक अपार्टमेंट के रास्ते फरार हो गए।