नई दिल्ली: देश की सबसे बड़ी डिजिटल पेमेंट कंपनी पेटीएम की पैरेंट कंपनी वन97 कम्युनिकेशंस ने जून तिमाही में जबरदस्त प्रदर्शन किया है। इस दौरान कंपनी का नेट प्रॉफिट में 79% की बढ़ोतरी के साथ 220 करोड़ रुपये रहा। यह बढ़ोतरी पेमेंट और फाइनेंशियल सर्विसेज में मजबूत ग्रोथ की वजह से हुई है। इस दौरान कंपनी की कुल इनकम 22% बढ़कर 2,630 करोड़ रुपये पहुंच गई जो एक साल पहले 2,159 करोड़ रुपये थी। मर्चेंट पेमेंट वॉल्यूम में 31% की बढ़ोतरी हुई। फाइनेंशियल सर्विसेज से होने वाली कमाई 45% बढ़ गई।
कंपनी ने सोमवार को अपने जून तिमाही के नतीजे घोषित किए। वित्त वर्ष 2027 की पहली तिमाही के दौरान कंपनी का परिचालन राजस्व वार्षिक आधार पर 28 प्रतिशत की वृद्धि के साथ यह 2,448 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। एबिटा भी पिछले साल के मुकाबले 182 प्रतिशत की तेजी के साथ रिकॉर्ड 203 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। इसके साथ ही एबिटा मार्जिन बढ़कर 8 प्रतिशत हो गया।
79% उछला प्रॉफिट
वन97 कम्युनिकेशंस ने बताया कि जून तिमाही में उसका नेट प्रॉफिट पिछले साल के मुकाबले 79 प्रतिशत उछलकर 220 करोड़ रुपये हो गया। जीएमवी में वार्षिक आधार पर 31 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई और यह 7.1 लाख करोड़ रुपए तक पहुंच गया। इसी तरह नेट पेमेंट रेवेन्यू भी पिछले साल के मुकाबले 25 प्रतिशत की तेजी के साथ 601 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
शेयर मार्केट में गिरावट के बीच पेटीएम का शेयर सोमवार सपाट बंद हुआ। बीएसई पर यह 0.04% नीचे 1,348 रुपये पर बंद हुआ। पिछले सत्र में यह 1,348.55 रुपये पर बंद हुआ था और सोमवार को 1,355 रुपये पर खुला। कारोबार के दौरान यह 1,357.15 रुपये तक हाई और 1,335.10 रुपये तक लो गया। इसका 52 हफ्ते का उच्चतम स्तर 1,407 रुपये है।