पटना: बांकीपुर विधानसभा के लिए हो रहे उपचुनाव के लिए मतदान में अब केवल तीन दिन का वक्त बचा है। इसके पहले राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) को एक और बड़ा झटका लगा है। आरजेडी के दिग्गज नेता पूर्व सांसद अर्जुन राय ने भी पार्टी छोड़ दी है। आरजेडी छोड़ने के बाद अर्जुन राय बीजेपी में शामिल हो गए हैं। अर्जुन राय की गिनती आरजेडी के उन नेताओं में होती है, जो लालू यादव के करीबी हैं।
संजय सरावगी ने अर्जुन राय को दिलाई बीजेपी की सदस्यता
आरजेडी नेता और पूर्व सांसद अर्जुन राय आज सोमवार को बीजेपी में शामिल हो गए। बीजेपी के बिहार प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने अर्जुन राय को पार्टी की सदस्यता दिलाई। बीजेपी में शामिल होने के बाद अर्जुन राय ने कहा कि बिहार के विकास के लिए डबल इंजन का सरकार जरूरी है। उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी के कुशल नेतृत्व में चल रहे विकास के कामों से प्रभावित होकर उन्होंने बीजेपी में शामिल होने का फैसला किया।
बीजेपी में शामिल होते ही तेजस्वी पर अर्जुन राय ने लगाए गंभीर आरोप
इस दौरान अर्जुन राय ने तेजस्वी यादव पर गंभीर आरोप लगाए। अर्जुन राय ने कहा कि आरजेडी अब लालू यादव वाली पार्टी नहीं रही। पार्टी अब अपनी मूल विचारधारा और नीतियों से भटक गई है। इसी वजह से उन्होंने पार्टी छोड़ने का फैसला किया है। बता दें, अर्जुन राय से पहले आरजेडी में कई साल से पार्टी प्रवक्ता की जिम्मेदारी निभाने वाले मृत्युंजय तिवारी भी बीजेपी में शामिल हो गए थे।
जन सुराज के नेता यदुवंश गिरी के बेटे बीजेपी में शामिल
इनके अलावा बीजेपी ने प्रशांत किशोर की पार्टी जन सुराज में भी आज सेंध लगाई है। आज जाने माने वकील और जन सुराज के नेता यदुवंश गिरी (वाई बी गिरी) के बेटे आशीष गिरी भी बीजेपी में शामिल हुए हैं।
बता दें, बांकीपुर में 30 जुलाई को मतदान होगा। जबकि 3 अगस्त को मतों की गिनती होगी।