रणबीर कपूर इन दिनों नितेश तिवारी की मोस्ट अवेटेड फिल्म ‘रामायण’ की रिलीज की तैयारियों में व्यस्त हैं। हालांकि, बहुत कम लोग जानते हैं कि एक दौर ऐसा भी था, जब सलमान खान इस महाकाव्य पर बनने वाली एक फिल्म में भगवान राम का किरदार निभाने वाले थे। यह फिल्म 1990 के दशक में उनके भाई सोहेल खान बना रहे थे। इसकी शूटिंग भी शुरू हो गई थी, लेकिन बाद में यह प्रोजेक्ट बीच में ही बंद हो गया।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, 90 के दशक की शुरुआत में सोहेल खानने ‘रामायण’ को बड़े स्तर पर पर्दे पर उतारने की योजना बनाई थी। इस फिल्म में भगवान राम के रोल के लिए सलमान खान का नाम तय किया गया था, जबकि माता सीता के किरदार के लिए सोनाली बेंद्रे को चुना गया था। फिल्म को भव्य अंदाज में बनाने की तैयारी चल रही थी और इसकी शूटिंग का कुछ हिस्सा भी पूरा हो चुका था।
सलमान खान के ‘रामायण’ की 40 पर्सेंट सीन की शूटिंग हो चुकी थी
रिपोर्ट्स के मुताबिक, सलमान खान स्टारर इस फिल्म के करीब 40 पर्सेंट सीन की शूटिंग हो चुकी थी। वहीं राम के पारंपरिक परिधान में, धनुष-बाण के साथ, प्रचार तस्वीरों के लिए पोज भी दिया था।
पूजा भट्ट ने शादी को लेकर खुलकर बात की थी
हालांकि, इसी दौरान हालात बदल गए। खबरों के मुताबिक, फिल्म के निर्माण के समय सोहेल खान और पूजा भट्ट के बीच नजदीकियां बढ़ीं। पूजा इस प्रोजेक्ट से भी जुड़ी हुई थीं। मिड-डे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, साल 1995 के आसपास पूजा भट्ट ने शादी को लेकर खुलकर बात की थी। उन्होंने कहा था, ‘शादी मेरे दिमाग में जरूर है, लेकिन सोहेल निर्देशक के तौर पर अपने रोमांचक नए करियर की शुरुआत कर रहे हैं और मैं शादी के बारे में फैसला करने से पहले दो साल और काम करना चाहती हूं। हम साथ में भविष्य चाहते हैं। सिर्फ किसी भी रिश्ते के सामान्य अंजाम की तरह नहीं, बल्कि साथ रहने की चाहत के रूप में। मैं भी यही चाहती हूं और वह भी।’
सलीम खान ने बेटे सोहेल को पूजा भट्ट से दूर रहने की दी थी सलाह
रिपोर्ट्स में यह भी कहा गया कि सोहेल और पूजा के रिश्ते को परिवार की मंजूरी नहीं मिली थी। बताया जाता है कि सोहेल के पिता सलीम खान इस रिश्ते के पक्ष में नहीं थे। खबरों के मुताबिक, उन्होंने बेटे को इस रिश्ते से दूर रहने की सलाह भी दी थी और इसके संभावित परिणामों को लेकर चिंता जताई थी। उन्होंने अपने बेटे को इसे खत्म करने की सलाह दी थी।
आखिरकार प्रोजेक्ट को बंद कर दिया गया
इन सबका असर फिल्म पर भी पड़ा। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पूजा भट्ट ने आखिरकार ‘रामायण’ से खुद को अलग कर लिया, जिसके बाद फिल्म का काम धीरे-धीरे रुकने लगा। इसे दोबारा शुरू करने की कोशिश हुई लेकिन बात नहीं बन सकी और आखिरकार प्रोजेक्ट को बंद कर दिया गया।
पौराणिक फिल्मों में से एक का हिस्सा बनने का सपना अधूरा
बताया जाता है कि फिल्म का करीब 40 प्रतिशत हिस्सा पूरा हो चुका था। इसके बावजूद निर्माताओं ने इसे हमेशा के लिए रोकने का फैसला लिया। इस तरह उस समय की सबसे बड़ी और महत्वाकांक्षी पौराणिक फिल्मों में से एक का हिस्सा बनने का सपना अधूरा रह गया।