नई दिल्ली: केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने पर बधाई दी और साथ ही इस दौरान उनकी उपलब्धियां भी गिनवाईं। उन्होंने कहा कि पीएम मोदी ने गुजरात के सुशासन मॉडल को पूरे देश में खड़ा करके रख दिया है। वैश्विक मंचों से आंतरिक सुरक्षा तक भारत ने नई उपलब्धियां हासिल कीं। पीएम मोदी की नीति की वजह से जन-जन के जीवन में भी बड़ा बदलाव आया।
पीएम मोदी ने गुजरात का सुशासन मॉडल पूरे देश में खड़ा कर दिया
अमित शाह ने अपने एक्स हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पीएम मोदी ने मुख्यमंत्री के रूप में भूकंप से उजड़े कच्छ का पुनर्निर्माण कर उसे एक मिसाल बनाया, ज्योतिग्राम योजना से गांव-गांव तक 24 घंटे बिजली पहुंचाई, सौर ऊर्जा और वाइब्रेंट गुजरात के माध्यम से निवेश व उद्योग को नई दिशा दी तथा 8% से अधिक कृषि विकास दर हासिल कर गुजरात में सुशासन का एक ऐसा मॉडल खड़ा किया, जो आगे चलकर पूरे देश का आधार बना।
राजनाथ सिंह ने भी पीएम मोदी की तारीफ में पढ़े कसीदे
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ने भी पीएम मोदी के सेवा काल के 25 साल पूरे होने पर बधाई दी और उनकी जमकर तारीफ की। राजनाथ सिंह ने लिखा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी की 25 वर्षों की राष्ट्रसेवा की यह यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणादायी है। यह 25 वर्ष उनकी यात्रा का एक पड़ाव हैं, पूर्ण विराम नहीं। मेरी कामना है कि आने वाले वर्षों में भी हम उनके दूरदर्शी नेतृत्व में ‘जनसेवा ही प्रभुसेवा’ के संकल्प के साथ नई ऊर्जा और समर्पण से राष्ट्रसेवा के पथ पर आगे बढ़ते रहें।
राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी की 25 वर्षों की उपलब्धियां गिनवाईं
राजनाथ सिंह ने पीएम मोदी की 25 वर्षों की उपलब्धियां गिनवाते हुए कहा कि 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शुरू हुई उनकी यात्रा राष्ट्रसेवा, सुशासन और जनकल्याण का पर्याय बन चुकी है। इस पूरी यात्रा का मूल मंत्र हमेशा ‘राष्ट्र प्रथम, सदैव प्रथम’ रहा है। पीएम मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में जनकल्याणकारी कार्यों का अभूतपूर्व विस्तार हुआ है और करोड़ों लोगों को घर, पानी, शौचालय, गैस कनेक्शन और बैंकिंग जैसी मूलभूत सुविधाएं मिली हैं।
आज हम ‘एक भारत-श्रेष्ठ भारत’ के मंत्र के साथ ‘विकसित भारत’ के संकल्प को पूरा करने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में सुशासन को मजबूती मिली है और भारत हर क्षेत्र में आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है।
आज हम विश्व की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बन चुके हैं और विकास भी अधिक समावेशी हुआ है। युवाओं के लिए रोजगार और नए अवसर बढ़े हैं, उद्यमशीलता और स्टार्ट-अप्स को बढ़ावा मिला है तथा नवाचार के लिए नए अवसरों का सृजन हुआ है।