भोपाल के चारों ओर इंडस्ट्री का नया घेरा:88 हब विकसित, 51 नए तैयार हो रहे; बदल रहा औद्योगिक नक्शा

भोपाल, भोपाल और उसके 50 किलोमीटर के दायरे में औद्योगिक नक्शा तेजी से बदल रहा है। बीएचईएल और भारी इंजीनियरिंग पर केंद्रित रहे इस क्षेत्र में अब सेक्टर-वाइज इंडस्ट्रियल क्लस्टर आकार ले रहे हैं। अचारपुरा गारमेंट-टेक्सटाइल, तामोट प्लास्टिक-पॉलिमर और बड़ियाखेड़ी-आष्टा लॉजिस्टिक्स व मैन्युफैक्चरिंग हब के रूप में विकसित हो रहे हैं।

भोपाल, रायसेन, सीहोर, राजगढ़ और नर्मदापुरम के इस बेल्ट में 88 विकसित इंडस्ट्रियल पार्कों के साथ 51 से ज्यादा नए औद्योगिक क्षेत्र विकसित किए जा रहे हैं। इनमें प्लास्टिक, गारमेंट, फर्नीचर और लॉजिस्टिक्स से लेकर पावर व रिन्यूएबल एनर्जी तक के क्लस्टर शामिल हैं।

खास बात यह है कि अब औद्योगिक विस्तार शहर से बाहर की जमीन तक सीमित नहीं रहेगा। मप्र इंडस्ट्री डेवलपमेंट कॉरपोरेशन लिमिटेड (एमपीआईडीसी) के एमडी चंद्रमौली शुक्ला के अनुसार, प्रदेश में पहली बार पुरानी इंडस्ट्रीज को रिडेवलप करने के साथ नई इंडस्ट्रीज विकसित की जा रही हैं।

इसके लिए शहरी क्षेत्र की खाली जमीनों को भी इंडस्ट्री प्लान में शामिल किया गया है। भोपाल में सतगढ़ी और मिनाल के आसपास की खाली जमीन पर शहर की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए नए इंडस्ट्रियल एरिया विकसित करने की योजना है।

अचारपुरा, बगरोदा, तामोट और बड़ियाखेड़ी बन रहे नए क्लस्टर भोपाल में इंडस्ट्री सिर्फ बढ़ नहीं रही, उसका स्वरूप बदल रहा है। पुराने औद्योगिक क्षेत्रों का रिडेवलपमेंट, नए सेक्टर-वाइज क्लस्टर, शहरी खाली जमीन का इस्तेमाल और हजारों नए रोजगार; चारों चीजें एक साथ हो रही हैं।

अब ये 3 नए हब; 11 हजार रोजगार

बैरसिया: भोपाल ग्रामीण में एग्रो-फूड प्रोसेसिंग हब बैरसिया में 33.61 हेक्टेयर में एग्रो-प्रोसेसिंग, लाइट इंजीनियरिंग और फूड पैकेजिंग इकाइयां प्रस्तावित हैं। 2026 के अंत तक भूखंड आवंटित कर निर्माण शुरू करने का लक्ष्य है। रोजगार: 1,500-2,000

सतगढ़ी: भोपाल सीमा के पास लाइट इंडस्ट्री सतगढ़ी में 69.91 हेक्टेयर में लाइट इंडस्ट्री, ऑटो एंसिलरी, असेंबलिंग यूनिट, वेयरहाउसिंग व एमएसएमई क्लस्टर विकसित हो रहे हैं। 2026-27 के मध्य तक तैयार करने की योजना है। रोजगार: 3,000-4,000

बड़वई: एयरपोर्ट के पास आईटी-इलेक्ट्रॉनिक्स

राजा भोज एयरपोर्ट के पास इलेक्ट्रॉनिक्स असेंबलिंग, डेटा सेंटर, आईटी-ITES, टेक स्टार्टअप के लिए प्लग एंड प्ले सुविधाएं। 2026-27 तक कंपनियां ऑपरेशनल करने की तैयारी। रोजगार: 4,000-5,000

Spread the love