यूपी-पंजाब में चुनाव लड़ेंगे चिराग पासवान? दिल्ली में तैयार हो रही रणनीति, बीजेपी की पैनी नजर

पटना/दिल्ली: उत्तर प्रदेश और पंजाब की विधानसभा चुनावों में दो-दो हाथ करने की तैयारी में चिराग पासवान जुट गए हैं। दिल्ली में लोजपा (रामविलास) की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की अहम बैठक बुलाई गई है। केंद्रीय मंत्री और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की मौजूदगी में आयोजित इस बैठक में देशभर के प्रदेश अध्यक्ष, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हो रहे।

बिहार सरकार में मंत्री संजय पासवान ने इसे विधायक बनने के बाद अपनी पहली राष्ट्रीय कार्यकारिणी बैठक बताया। बैठक का मुख्य फोकस पार्टी संगठन के विस्तार और विभिन्न राज्यों में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों की रणनीति तय करने पर है। केंद्र और बिहार सरकार में एनडीए के अहम सहयोगी होने के नाते, चुनावी राज्यों में चिराग पासवान के अगले सियासी फैसलों पर बीजेपी की भी खास नजर बनी हुई है।

दिल्ली में चिराग की अहम बैठक

केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष चिराग पासवान की अध्यक्षता में पार्टी की राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक नई दिल्ली में आयोजित की गई है। बैठक में देशभर से प्रदेश अध्यक्ष, विधायक और वरिष्ठ पदाधिकारी शामिल हो रहे हैं। इस दौरान संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय करने और उत्तर प्रदेश समेत कई राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनावों की तैयारियों पर विस्तृत चर्चा हो सकती है।

यूपी-पंजाब चुनाव पर खास फोकस

बिहार सरकार में मंत्री और लोजपा(आर) नेता संजय पासवान ने कहा, ‘आज मैं राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में आया हूं। विधायक बनने के बाद यह पहली बार है जब राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक हो रही है। पूरे देश से सभी प्रदेश अध्यक्ष और विधायक सब लोग आए हैं। आज महत्वपूर्ण निर्णय होंगे। हमारे नेता चिराग पासवान आज जो भी दिशा निर्देश देंगे, हम सब लोग उसको जमीन पर उतारने का काम करेंगे।’उन्होंने कहा कि बैठक का मुख्य एजेंडा संगठन को मजबूत करना है। उन्होंने कहा, ‘आने वाले समय में 6 राज्यों में चुनाव हैं। उस पर भी विचार होने की संभावना है। हमारे नेता चिराग पासवान ने हम सबको बुलाया है ताकि अपनी उपस्थिति दर्ज कराएं और आगे की रणनीति तय करें।’

चिराग की बैठक पर बीजेपी की नजर

2026-27 में 7 राज्यों में विधानसभा चुनाव होने प्रस्तावित हैं, जिनमें- उत्तर प्रदेश, पंजाब, उत्तराखंड, गुजरात, हिमाचल प्रदेश, गोवा और मणिपुर शामिल है। मगर, चिराग पासवान का ज्यादा इंट्रेस्ट उत्तर प्रदेश और पंजाब को लेकर है। उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी की सरकार है, जिसके एलायंस पार्टनर चिराग पासवान हैं।

वहीं, पंजाब में आम आदमी पार्टी की सरकार है, जिसे हराने के लिए बीजेपी ने काफी फोकस्ड होकर काम कर रही है। ऐसे में चिराग पासवान की फैसले पर भारतीय जनता पार्टी की भी नजर है क्योंकि वो बिहार और केंद्र की सरकार में एनडीए के सहयोगी हैं। वो खुद केंद्र में मंत्री हैं और बिहार में उनकी पार्टी के कोटे से दो विधायक मंत्री हैं।
Spread the love