नई दिल्ली: सोने और चांदी की कीमत में आज फिर शुरुआती कारोबार में तेजी देखने को मिली। निवेशक फेडरल रिजर्व की ब्याज दरों की चाल के बारे में नए संकेतों के लिए अमेरिका के महंगाई के आंकड़ों का इंतजार कर रहे हैं। पश्चिम एशिया में तनाव बढ़ने और कच्चे तेल की कीमत में तेजी के बावजूद सोने और चांदी की कीमत में बढ़ोतरी हुई है। फेड ने जुलाई बैठक में ब्याज दरों में कोई बदलाव नहीं किया था। कम ब्याज दरें आमतौर पर सोने के लिए फायदेमंद होती हैं क्योंकि इस धातु पर कोई ब्याज नहीं मिलता है।
एमसीएक्स पर सितंबर 2026 डिलीवरी के लिए चांदी वायदा शुरुआती कारोबार में ₹5,132 की तेजी के साथ ₹2,41,999 प्रति किलो तक गया। इसी तरह अक्टूबर 2026 डिलीवरी के लिए सोना वायदा ₹2,338 बढ़कर ₹1,55,437 प्रति 10 ग्राम हो गया। पिछले तीन दिनों में चांदी की कीमत में ₹16,000 से ज्यादा यानी 7% से अधिक की बढ़ोतरी हुई है जबकि सोने की कीमत में ₹6,600 या 4% से अधिक तेजी आई है।
सर्राफा बाजार में कीमत
सर्राफा बाजार में भी सोने और चांदी की कीमत में तेजी आई है। गुड रिटर्न्स के मुताबिक 24 कैरेट वाला सोना 3,160 रुपये की तेजी के साथ 1,55,130 रुपये प्रति 10 ग्राम पर ट्रेड कर रहा है। इसी तरह 22 कैरेट वाला सोना भी 2,900 रुपये की तेजी के साथ 1,42,200 रुपये पर पहुंच गया जबकि 18 कैरेट वाला सोना 2,370 रुपये ऊपर 1,16,350 रुपये पर ट्रेड कर रहा है। चांदी भी 10,000 रुपये की तेजी के साथ 2,55,000 रुपये प्रति किलो पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय कीमतें
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर स्पॉट गोल्ड 1% बढ़कर $4,432.74 प्रति औंस हो गया, जो 5 जून के बाद का इसका सबसे ऊंचा स्तर है। इसी तरह यूएस गोल्ड फ्यूचर्स 1.7% बढ़कर $4,492.60 हो गया। अन्य कीमती धातुओं में स्पॉट सिल्वर 0.9% बढ़कर $66.30 प्रति औंस हो गया। इस बीच कच्चा तेल आज 0.34 फीसदी तेजी के साथ 88.02 डॉलर प्रति बैरल पर ट्रेड कर रहा है।