विरार: महाराष्ट्र के विरार में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने चेकिंग के दौरान गुजरात से मुंबई जा रही एक कार से एक करोड़ रुपये के जाली नोट बरामद किए है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरोपी इन जाली नोटों को 30 लाख रुपये में बेचने वाले थे।हालांकि, इन नोटों को किसे और कब बेचा जाना था इसकी जानकारी अभी तक सामने नहीं आ पाई है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। जांच के बाद ही पता चल पाएगा कि इस नकली करंसी को कहां सप्लाई किया जाना था। इन नोटों को कहां से लाया गया था इसकी जांच की जा रही है।
कहां पकड़ी कार
बता दें कि वसई क्राइम ब्रांच यूनिट-2 ने इस मामले का खुलासा किया है। कार की चेकिंग के दौरान पुलिस को उसके अंदर से करीब 1 करोड़ के नकली नोट बरामद किए हैं। पुलिस ने मुंबई-अहमदाबाद हाईवे पर शिरसाट फाटा ब्रिज के नीचे इस कार को पकड़ा गया है। पुलिस को देखने के बाद कार सवार घबरा गया और पीछे ही रुक गया। पुलिस को उसपर शक होने के बाद कार की तलाशी ली गई। कार की तलाशी लेने पर भारी मात्रा में नकली नोट बरामद हुए। पुलिस ने इस मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।
कार में रखे बैग में थे नकली नोट
कार में रखे गए एक बैग से 500 रुपये के नकली नोट बरामद हुए हैं। पुलिस ने कुल 20 हजार जाली नोट जब्त किए हैं। इसकी कीमत करीब 1 करोड़ रुपये बताई गई है। पुलिस ने कार नंबर MH 48 BT 8686 को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बता दें कि यह कार गुजरात से मुंबई की ओर जा रही थी।