‘हसीना कार्ड खेलना बंद करे भारत’, BRICS समिट के लिए दिल्ली नहीं आएंगे तारिक रहमान! गुस्‍से में बांग्‍लादेशी गृहमंत्री

ढाका: बांग्लादेश के पीएम तारिक रहमान कथित तौर पर ब्रिक्स समिट के लिए भारत नहीं आएंगे। सितंबर में दिल्ली में होने वाले इस समिट के लिए भारत ने रहमान को न्योता भेजा है। बांग्लादेश सरकार ने अभी तक आधिकारिक तौर पर इस पर कुछ नहीं कहा है। ढाका का कहना है कि तारिक के दिल्ली दौरे पर फिलहाल विचार हो रहा है। दूसरी ओर ढाका की सत्ता के करीबी सूत्रों का दावा है कि तारिक ने दिल्ली नहीं जाने पर फैसला ले लिया है। ढाका में शेख हसीना को दिल्ली से मिल रहे ‘समर्थन’ पर नाराजगी है। बांग्लादेश के गृह मंत्री ने एक सख्त बयान में कहा है कि भारत को ‘हसीना कार्ड’ खेलना बंद करना पड़ेगा।

प्रोथोमोलो की रिपोर्ट के अनुसार, दिल्ली में शेख हसीना को पत्रकारों से सीधे बात करने का मौका मिलने के बाद बांग्लादेश-भारत संबंधों में नया तनाव पैदा हुआ है। इस माहौल में यह तकरीबन तय हो गया है कि प्रधानमंत्री तारिक रहमान 12-13 सितंबर को दिल्ली में होने वाले ब्रिक्स (BRICS) शिखर सम्मेलन के आउटरीच सत्र में शामिल नहीं होंगे।

जुलाई में भेजा गया था न्योता

बांग्लादेश सरकार के कई उच्च-स्तरीय सूत्रों ने प्रोथोमोलो को बताया कि हाल की घटनाओं के बाद रहमान के ब्रिक्स आउटरीच सत्र में शामिल होने की संभावना अब खत्म हो गई है। भारतीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिम्सटेक (BIMSTEC) के मौजूदा अध्यक्ष के तौर पर तारिक रहमान को इस सत्र में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया था।

तारिक रहमान को 14 जुलाई को ढाका में भारतीय उच्चायोग के माध्यम से बांग्लादेश के विदेश मंत्रालय को भेजे गए राजनयिक पत्र के जरिए न्योता दिया गया था। बिम्सटेक बंगाल की खाड़ी के देशों का क्षेत्रीय संगठन है। ब्रिक्स के आउटरीच सत्र में आमतौर पर चुने हुए गैर-सदस्य देशों और क्षेत्रीय संगठनों के नेताओं को न्योता दिया जाता है।

Spread the love