इमरान हाशमी की ‘गनमास्‍टर G9’ की रिलीज डेट का ऐलान, हिमेश रेशम‍िया संग मचाएंगे धूम, ‘प्रेम कीटाणु’ टीजर भी आया

इमरान हाशमी की ‘आवारापन 2’ जहां बॉक्‍स ऑफिस पर तीन दिनों में ही सुपरहिट साबित हो गई है, वहीं सोमवार को उनकी नई फिल्‍म ‘गनमास्‍टर: G9’ की रिलीज डेट का ऐलान कर दिया गया है। यह फिल्‍म भी इसी साल नवंबर में सिनेमाघरों में दस्‍तक देगी। मेकर्स ने एक टाइटल प्रोमो के साथ फिल्‍म की कास्‍ट की भी घोषणा की है, जिसमें हिमेश रेशम‍िया का नाम देख फैंस की बांछे ख‍िल गई हैं। इमरान और हिमेश की जोड़ी ने पूर्व में बॉलीवुड को सुपरहिट गानों की सौगात दी है। ऐसे में उम्‍मीदें जगने लगी हैं। दूसरी ओर, वीर पहाड़‍िया और अपारशक्‍त‍ि खुराना की नई फिल्‍म ‘प्रेम कीटाणु’ का मजेदार टीजर भी रिलीज हुआ है। यह कॉलेज लाइफ और हॉस्‍टल की मजेदार कहानी है।

इमरान की ‘गनमास्टर: G9’ एक एक्शन थ्रिलर फिल्‍म है, जो 27 नवंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होगी। एक्‍टर ने इंस्टाग्राम पर जो टाइटल टीजर शेयर किया है, उसमें गोलियों के साथ बेहतरीन रोमांटिक म्‍यूजिक की भी झलक मिली है, जिसके पीछे कम्‍पोजर हिमेश रेशम‍िया हैं। हालांकि, बॉक्‍स ऑफिस पर इस फिल्‍म की सीधी टक्‍कर सूरज बड़जात्‍या के बैनर तले बन रही आयुष्मान खुराना और शर्वरी की फ‍िल्म ‘ये प्रेम मोल लिया’ से है।

‘गनमास्टर: G9’ की कास्‍ट

इमरान हाशमी ने ‘गनमास्टर: G9’ की रिलीज डेट का ऐलान करते हुए इंस्‍टाग्राम पर लिखा है, ‘गनमास्टर G9 तैयार है और 27 नवंबर को बड़े पर्दे पर धमाल मचाने के लिए आ रही है। इस बार, सिर्फ गोलियां ही नहीं चलेंगी। रोमांस, म्यूजिक और एक्शन भी आपका दिल जीतेगी’ वीडियो प्रोमो में कास्‍ट का खुलासा किया गया है। इसके मुताबिक, इमरान हाशमी लीड रोल में हैं। उनके साथ जिन‍िलिया डिसूजा देशमुख और अपारशक्ति खुराना भी हैं। डायरेक्‍शन आदित्य दत्त का है और म्‍यूजिक हिमेश रेशम‍िया का।

‘आवारापन 2’ ने पहले वीकेंड में कमाए ₹110 करोड़

जानकारी के लिए बता दें कि इस बीच ‘आवारापन 2’ ने तीन दिनों में देश में ₹98.10 करोड़ का ग्रॉस कलेक्‍शन और ₹81.75 करोड़ का नेट कलेक्‍शन कर लिया है। पहले वीकेंड में ही फिल्‍म में वर्ल्‍डवाइड ₹110.10 करोड़ की ग्रॉस कमाई कर ली है। जबकि इसका प्रोडक्‍शन बजट ₹25 करोड़ है।

‘प्रेम कीटाणु’ का मजेदार टीजर रिलीज

सोमवार को ही, अवनिका फिल्म्स ने अपनी पहली फिल्म ‘प्रेम कीटाणु’ का टीजर जारी किया है। इस फिल्‍म का निर्देशन अपूर्व सिंह कार्की ने किया है, जो इससे पहले ‘एस्पिरेंट्स’ वेब सीरीज और मनोज बाजपेयी के साथ ‘सिर्फ एक बंदा काफी है’ जैसी फिल्‍म बना चुके हैं। ‘प्रेम कीटाणु’ में वीर पहाड़िया, आफिया सैयद के साथ अपारशक्ति खुराना, राकेश बेदी और निखिल विजय भी हैं। यह फिल्‍म इसी साल गांधी जयंती के मौके पर 2 अक्टूबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

कॉलेज और हॉस्‍टल लाइफ की मजेदार कहानी

फार्स फिल्म्स और भावना स्टूडियोज के सहयोग से पेश की गई है इस फिल्‍म के प्रोड्यूसर गौरव वर्मा हैं। टीजर की शुरुआत वीर पहाड़‍िया के किरदार से होती है। हमें कॉलेज और हॉस्‍टल लाइफ की झलक मिलती है। इसके बाद हमें, हॉस्‍टल की रैगिंग, मस्‍ती, मारपीट और बैक-बेंचर वीर पहाड़‍िया की अफरा-तफरी भरी जिंदगी दिखती है। कॉलेज के लड़कों का शरारती अंदाज जहां इस टीजर में ध्‍यान खींचता है, वहीं हम ‘गर्लफ्रेंड’ बनाने की चाह वाले वीर को आफ‍िया सैयद से उलझते देखते हैं, जो उन्‍हें ‘श्राप’ देती हैं कि उन्‍हें कॉलेज में अगले 4 साल तक कोई लड़की नहीं मिलेगी।

अपूर्व सिंह कार्की बोले- इसमें पागलपन है, मासूम‍ियत है और अपनापन है

डायरेक्‍टर अपूर्व सिंह कार्की कहते हैं, ‘मैं ‘प्रेम कीटाणु’ को दर्शकों के सामने लाने को लेकर बहुत उत्साहित हूं। यह दोस्‍ती, कॉमेडी और दिल की चाह पर छोटी-छोटी चीजों की कहानी है, जो बड़े होने के दौरान हमारी जिंदगी को यादगार बनाती हैं। इन लड़कों में एक अलग तरह का पागलपन, मासूमियत और अपनापन है, जो मुझे उम्मीद है कि फिल्म में भी नजर आएगा।’

Spread the love