पीछे देखो पीछे! रवि किशन का नया डांस वीडियो, पीठ पीछे अली फजल-दिव्‍येंदु ने उतारी नकल, लोग हो रहे लोटपोट

भोजपुरी सुपरस्‍टार और गोरखपुर के सांसद रवि किशन इन दिनों सोशल मीडिया के ‘सबसे दुलारे’ बने हुए हैं। वह सांस भी लेते हैं, तो मामला वायरल हो जाता है! कभी अपने अंदाज से, कभी अपनी बात से, तो कभी अपने डांस से। रवि किशन ‘विशुद्ध मीम मैटेरियल’ बने हुए हैं। एक ओर जहां, Gen Z कंटेंट क्रिएटर्स रवि किशन के मजेदार एक्सप्रेशंस शेयर कर रहे हैं, वहीं खुद एक्‍टर ने पपाराजी के साथ एक नए वीडियो में ‘गुच्‍च‍ियां दी लोड नी’ गाने वाला अपना डांस स्‍टेप रीक्रिएट किया है। लेकिन मजेदार बात यह है कि इस बार रवि किशन अपनी वजह से नहीं, बल्‍क‍ि उनके पीठ पीछे ‘मिर्जापुर’ को-स्‍टार्स अली फजल और दिव्‍येंदु की हरकतों के कारण चर्चा में आ गए हैं।

रवि किशन इन दिनों अपनी नई फ‍िल्म ‘मिर्जापुर’ के प्रमोशन में बिजी हैं। हाल ही वह को-स्टार्स दिव्येंदु और अली फजल के साथ मुंबई में एक इवेंट में पहुंचे थे। वहां बाहर पपाराजी मौजूद थे। रवि किशन से आग्रह किया गया तो उन्‍होंने वही अपना मशहूर डांस स्‍टेप कर के दिखाया, जबकि उनके पीछे अली और दिव्‍येंदु भी उन्‍हें ‘कॉपी’ कर मस्‍ती करते हुए दिखे।

रवि किशन पीछे मुड़े तो अली और दिव्‍येंदु भागे

सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में रवि किशन को एक फोटोग्राफर के साथ अपना मशहूर ‘गुच्ची डांस स्टेप’ रीक्रिएट करते, और फिर उसे गले लगाते देखा जा सकता है। लेकिन जो सबसे मजेदार है, वह रवि किशन के पीछे शीशे के पार अली फजल और दिव्‍येंदु की हरकत है। हालांकि, जब रवि पीछे मुड़ते हैं और दोनों को वही स्टेप करते हुए देखते हैं तो हंस पड़ते हैं। मजेदार बात यह कि रवि किशन भी तेजी से वेन्यू के अंदर जाने के लिए आगे बढ़ते हैं और दोनों को-स्‍टार्स के साथ डांस करने लगते हैं।

रवि किशन ने ‘मीम्‍स’ के लिए Gen Z को दिया क्रेडिट

बीते दिनों ‘हिंदुस्तान टाइम्स’ से बातचीत में रवि किशन ने अपने ऊपर बन रहे मीम्स पर मजेदार राय दी थी। उन्‍होंने इसके लिए Gen Z को क्रेडिट दिया और कहा, ‘मैं व्यक्तिगत रूप से इन सब पर नजर रख रहा हूं और ‘लाइक’ भी कर रहा हूं। पहले किसी ने मुझे इस तरह नहीं देखा था। ‘जेन ज़ी’ ने मुझे अपना मान लिया है। मैं सच में उन्हें धन्यवाद देना चाहता हूं और उनकी क्रिएटिविटी को सलाम करता हूं।’

‘मिर्जापुर: द मूवी’ रिलीज डेट

बहरहाल, OTT पर वेब सीरीज के रूप में धूम मचाने के बाद ‘मिर्जापुर: द मूवी‘ अब बड़े पर्दे पर रिलीज हो रही है। इसे गुरमीत सिंह ने डायरेक्ट किया है और पुनीत कृष्णा ने लिखा है। कहानी, कमोबेश वेब सीरीज वाली ही है। इसमें एक बार फिर दर्शकों और फैंस को कालीन भैया (पंकज त्रिपाठी), मुन्ना भैया (दिव्येंदु) और गुड्डू पंडित (अली फ़ज़ल) का अंदाज देखने को मिलेगा। सीरीज में बबलू भैया को जो किरदार विक्रांत मैसी ने निभाया था, उसे फिल्‍म में जितेंद्र कुमार निभा रहे हैं। जबकि रवि किशन भी नई कास्‍ट‍िंग का हिस्‍सा हैं और कालीन भैया से टक्‍कर लेते नजर आ रहे हैं। ‘मिर्जापुर: द मूवी’ अगले महीने 04 सितंबर 2026 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Spread the love