नई दिल्ली: दिग्गज कारोबारी अरबपति लक्ष्मी मित्तल का यूक्रेन में स्थित एक स्टील प्लांट रविवार को रूसी हमलों की चपेट में आ गया। मित्तल की कंपनी आर्सेलरमित्तल दुनिया की दूसरी बड़ी स्टील कंपनी है। यूक्रेन में इसकी सहयोगी कंपनी आर्सेलरमित्तल क्रिवी रिह के माइनिंग और मेटलर्जिकल प्लांट पर मिसाइल हमला हुआ। इस हमले में दो लोगों को मौत हो गई और 10 से ज्यादा कर्मचारी और कॉन्ट्रैक्टर घायल हो गए। साथ ही प्लांट का कामकाज भी आंशिक रूप से रोकना पड़ा।
लक्ष्मी मित्तल आर्सेलरमित्तल के चेयरमैन हैं जो चीन के बाहर दुनिया की सबसे बड़ी स्टील कंपनी है। हाल में वह तब सुर्खियों में आए थे जब उनकी कंपनी ने आईपीएल की टीम राजस्थान रॉयल्स में बड़ी हिस्सेदारी खरीदी थी। लक्ष्मी मित्तल देश के बड़े कारोबारियों में शामिल हैं। फोर्ब्स के मुताबिक उनकी नेटवर्थ करीब 31 अरब डॉलर है। दुबई में दुनिया की सबसे ऊंची इमारत बुर्ज खलीफा में मित्तल ग्रुप के स्टील का इस्तेमाल किया गया है।
साधारण परिवार में जन्म
स्टील किंग के नाम से मशहूर लक्ष्मी मित्तल का जन्म 15 जून 1950 को राजस्थान के सादुलपुर में एक मारवाड़ी परिवार में हुआ था। उनका बचपन बेहद साधारण था। उनका परिवार एक छोटे से घर में रहता था। वहां वह फर्श पर सोते थे और मिट्टी के चूल्हे पर खाना पकता था। 1976 में वह 26 साल की उम्र में इंडोनेशिया चले गए। वहां उन्होंने अपना पहला प्लांट पीटी इस्पात इंडो स्थापित किया। इसके बाद उन्होंने पूरी दुनिया में अपना स्टील कारोबार फैलाया।
मित्तल की सबसे बड़ी खूबी घाटे में चल रही स्टील कंपनियों को खरीदकर उन्हें मुनाफे में बदलना रहा। साल 2006 में मित्तल स्टील और आर्सेलर के विलय से आर्सेलरमित्तल बनी जो आज चीन के बाहर दुनिया की सबसे बड़ी स्टील कंपनी है। साल 2004 में मित्तल ने अपनी बेटी वनिशा मित्तल की शादी पेरिस में की थी। इस शादी में करीब 60 मिलियन डॉलर खर्च हुए थे। उस समय यह दुनिया की सबसे महंगी शादी थी।
15 देशों में फैला है बिजनेस
लंदन के केंसिंग्टन पैलेस गार्डन्स में स्थित उनका निवास दुनिया के सबसे महंगे घरों में से एक रहा है। कहा जाता है कि उनके इस महल में उसी खदान का संगमरमर लगा है, जिससे ताज महल बनाया गया था। पिछले साल खबर आई थी कि उन्होंने दिल्ली के लुटियंस इलाके में 310 करोड़ रुपये में एक बंगला खरीदा है। लक्ष्मी मित्तल के पास पहले से ही लुटियंस दिल्ली में पृथ्वीराज रोड पर एक बंगला है। लंदन की नई टैक्स व्यवस्था से निराश मित्तल ने स्विट्जरलैंड को नया ठिकाना बनाया है।