भोपाल, भोपाल में एग्रीगेटर कंपनियों के खिलाफ टैक्सी चालक संघ की हड़ताल का असर अब आम लोगों पर दिखने लगा है। शहर के कई इलाकों में लोगों को कैब बुक करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
कैब समय पर बुक नहीं होने से कई लोगों को ट्रेन पकड़ने में भी देरी हुई। यात्रियों का कहना है कि समय पर कैब नहीं मिलने के कारण स्टेशन पहुंचने में परेशानी हुई। वहीं, पूरी फैमिली के लिए एक ऑटो पर्याप्त नहीं था, इसलिए दूसरा ऑटो लेना पड़ा।
इसके अलावा, ऑटो चालक इस स्थिति का फायदा उठाकर दोगुना किराया वसूल रहे हैं। एक स्थानीय ने कहा, "जो दूरी पहले 40-50 रुपए में तय होती थी, अब उसके लिए ऑटो वाले 100 रुपए तक मांग रहे हैं।" लोगों की मांग है कि प्रशासन जल्द इस विवाद को सुलझाए ताकि आम जनता को राहत मिल सके।