कमर्शियल लाइसेंस शुल्क का विरोध, व्यापारियों का धरना

भोपाल, भोपाल में लागू कमर्शियल लाइसेंस शुल्क के विरोध में बुधवार को व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। इस टैक्स को तत्काल वापस लेने की मांग करते हुए वे आईएसबीटी स्थित निगम दफ्तर पहुंचे और धरना दिया।

भोपाल चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्रीज के बैनरतले व्यापारियों ने प्रदर्शन किया। इस दौरान वे महापौर मालती राय, निगम अध्यक्ष किशन सूर्यवंशी से भी मिले। उन्होंने कहा कि सालों से व्यापारी यह टैक्स दे रहे हैं, जबकि प्रदेश में यह टैक्स कहीं भी नहीं वसूला जा रहा है।

सिर्फ भोपाल में ही यह टैक्स लागू

बैठक में व्यापारिक प्रतिनिधियों ने इस बात पर विशेष चिंता व्यक्त की कि मध्य प्रदेश के अन्य शहरों में यह कमर्शियल लाइसेंस शुल्क लागू नहीं है, केवल भोपाल शहर के व्यापारियों पर यह अतिरिक्त शुल्क लगाया जा रहा है।

व्यापारियों का स्पष्ट सवाल है कि जब प्रदेश के अन्य शहरों में व्यापारियों पर ऐसा शुल्क लागू नहीं है, तो भोपाल के व्यापारियों के साथ यह भेदभावपूर्ण एवं सौतेला व्यवहार क्यों? भोपाल प्रदेश की राजधानी है और यहां का व्यापारिक समुदाय शहर की अर्थव्यवस्था, रोजगार एवं राजस्व में महत्वपूर्ण योगदान देता है। ऐसे में व्यापारियों को राहत देने के बजाय उन पर अतिरिक्त शुल्क का भार डालना किसी भी दृष्टि से उचित नहीं है।

व्यापारिक संगठनों ने कहा कि यदि प्रदेश के अन्य शहरों में व्यापारिक गतिविधियां बिना इस प्रकार के शुल्क के संचालित हो सकती हैं तो भोपाल के व्यापारियों पर अलग से यह आर्थिक भार डालने का औचित्य स्पष्ट किया जाना चाहिए।

Spread the love