रायपुर, छत्तीसगढ़ में आज भी बारिश का अलर्ट है। अगले 24 घंटे में प्रदेश के ज्यादातर हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होगी। कुछ जगहों पर बहुत भारी से बेहद भारी बारिश के साथ बिजली गिरने की चेतावनी है।
इधर, सरगुजा के मैनपाट घूमने आए युवक-युवती बाइक समेत घुनघुट्टा नदी के तेज बहाव में बह गए। दोनों की आवाज सुनकर एक व्यक्ति रस्सी लेकर मौके पर पहुंचा और करीब एक किलोमीटर दूर तक बह चुकी युवती को रस्सी फेंककर सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
युवक तेज बहाव में बह गया और डूब गया। रविवार सुबह उसका शव करीब 3 किलोमीटर दूर नदी किनारे मिला। दोनों रायपुर से मैनपाट घूमने आए थे। मामला कमलेश्वरपुर थाना क्षेत्र का है।
कोरबा में दादर नाला उफान पर
इस बीच कोरबा शहर का दादर नाला उफान पर है। शनिवार सुबह नाला पार कर रही स्कॉर्पियो पानी के तेज बहाव में डूब गई। गाड़ी में सवार तीन दोस्तों ने बाहर निकलकर अपनी जान बचाई। आधे घंटे बाद गाड़ी को भी बाहर निकाल लिया गया।
इसके अलावा कनकी-सर्वमंगला मुख्य मार्ग पर एसईसीएल कुसमुंडा की डंपिंग का मलबा बहकर आ गया। इससे सड़क पूरी तरह मिट्टी और कीचड़ से भर गई। इस दौरान एक कार और यात्री बस मलबे में फंस गई। कार पूरी तरह मिट्टी में डूब गई, जबकि बस के पहिए फंस गए। गनीमत रही कि इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई।
ऑटोमेटिक साइफन बांध मॉडमसिल्ली का गेट खुला
लगातार बारिश से एशिया के पहले ऑटोमेटिक साइफन बांध मॉडमसिल्ली का गेट खुल गया है। धमतरी जिले में लगातार बारिश के चलते बांध का जलस्तर 98.82% तक पहुंच गया, 100% जलभराव होने पर बांध के गेट अपने आप खुल जाते हैं।
प्रशासन ने बढ़ते जलस्तर को देखते हुए लोगों से नदी-नालों के आसपास नहीं जाने की अपील की है।
रायपुर में आज बादल छाए रहेंगे
रायपुर शहर में रविवार दिनभर बारिश होती रही और रातभर भी बारिश का दौर जारी रहा। सोमवार सुबह भी शहर में रुक-रुककर बारिश हो रही है। शहर में अधिकतम तापमान करीब 24°C और न्यूनतम तापमान 22°C रहने की संभावना है।
बिलासपुर सबसे गर्म, जगदलपुर सबसे ठंडा
पिछले 24 घंटे में बिलासपुर में सबसे ज्यादा अधिकतम तापमान 28.6°C रिकॉर्ड किया गया। वहीं जगदलपुर में सबसे कम न्यूनतम तापमान 21.4°C रहा।