भोपाल। राजधानी के छोला मंदिर थाना क्षेत्र में छह वर्षीय मासूम बच्ची के साथ दुष्कर्म का दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। पुलिस ने टॉफी का लालच देकर वारदात को अंजाम देने वाले 65 वर्षीय बुजुर्ग आरोपित को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। आरोपित बैंक का रिटायर्ड कुक है।
घटना के दिन आरोपी ने बच्ची के पिता संग पी शराब
पुलिस के मुताबिक, पीड़ित बच्ची अपने परिवार के साथ छोला इलाके में रहती है। आरोपित पिपलानी के गोपाल नगर में रहता है, लेकिन उसका एक मकान छोला में भी है। आरोपित अक्सर वहां आता-जाता था और आसपास के बच्चों को टॉफी बांटकर उनसे घुलने-मिलने की कोशिश करता था। घटना के दिन आरोपित ने पीड़ित बच्ची के पिता के साथ बैठकर शराब पी।
मासूम ने परिजनों को बताई पूरी बात
इसी दौरान उसने मासूम को गोदी में उठाया और एकांत में ले जाकर उसके साथ दरिंदगी की। बच्ची के रोने और विरोध करने पर मामला उजागर हुआ। मासूम ने परिजनों को पूरी बात बताई। परिजनों की शिकायत पर छोला मंदिर थाना पुलिस ने तत्काल एफआईआर दर्ज की और आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने आरोपित को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया है। आरोपित के बेटे विदेश में नौकरी करते हैं।