भोपाल, भोपाल के टीटी नगर इलाके की बंगाली कॉलोनी में टीवी पर पसंद का चैनल देखने को लेकर बड़ी बहन से विवाद के बाद 14 वर्षीय नौवीं कक्षा के छात्र ने फांसी लगा ली। गंभीर हालत में परिजन और पड़ोसी उसे अस्पताल लेकर पहुंचे। कई दिनों तक चले इलाज के बाद गुरुवार सुबह उसकी मौत हो गई। टीटी नगर पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है।
बहन छत पर गई, कमरे में फंदे पर मिला भाई
पुलिस के अनुसार दक्ष मौर्य (14) पिता दिनेश मौर्य बंगाली कॉलोनी, टीटी नगर में परिवार के साथ रहता था और नौवीं कक्षा में पढ़ता था। रविवार को टीवी पर पसंद का चैनल देखने को लेकर उसका बड़ी बहन से विवाद हो गया। इसके बाद बहन गुस्से में छत पर चली गई, जबकि दक्ष अपने कमरे में चला गया।
कुछ देर बाद बहन नीचे आई तो उसने दक्ष को कमरे में फंदे पर लटका देखा। वह घबरा गई और पड़ोसियों को बुलाया। पड़ोसियों की मदद से दक्ष को फंदे से नीचे उतारकर अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने उसकी हालत गंभीर होने पर इलाज शुरू किया।
माता-पिता काम पर गए थे
दक्ष के पिता न्यू मार्केट में कपड़े की दुकान पर काम करते हैं, जबकि मां घरों में साफ-सफाई का काम करती हैं। घटना के समय दोनों अपने-अपने काम पर गए हुए थे। घर में दक्ष और उसकी बहन मौजूद थे।
पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपा
गुरुवार सुबह इलाज के दौरान दक्ष ने दम तोड़ दिया। सूचना मिलने पर टीटी नगर पुलिस अस्पताल पहुंची और मर्ग कायम किया। गुरुवार दोपहर पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।