पहले छीना नंबर वन का ताज, अब US Open का खिताब, Aryna Sabalenka को हराने वाली Elena Rybakina कौन हैं?

नई दिल्ली: महिला टेनिस की दुनिया को एक नई क्वीन मिल गई है। कजाकिस्तान की 27 साल की स्टार टेनिस खिलाड़ी एलीना रायबाकिना ने शनिवार को न्यूयॉर्क के आर्थर ऐश स्टेडियम में इतिहास रच दिया। रायबाकिना ने यूएस ओपन 2026 के हाई-वोल्टेज महिला एकल फाइनल मुकाबले में दो बार की डिफेंडिंग चैंपियन और दुनिया की दिग्गज खिलाड़ी आर्यना सबालेंका को 6-4, 5-7, 6-2 से हराकर अपना पहला यूएस ओपन का खिताब अपने नाम कर लिया। यह जीत रायबाकिना के लिए दोहरा जश्न लेकर आई। सेमीफाइनल में पहुंचते ही उन्होंने सबालेंका को पछाड़कर विश्व रैंकिंग में नंबर-1 का स्थान हासिल कर लिया था। इसके बाद फाइनल में सबालेंका का आर्थर ऐश स्टेडियम में चला आ रहा पिछले 2 सालों का एकछत्र राज और 19 मैचों की अजेय स्ट्रीक को तोड़कर ट्रॉफी भी अपने नाम कर ली।

कौन हैं यूएस ओपन चैंपियन एलीना रायबाकिना?

27 वर्षीय एलीना रायबाकिना का जन्म रूस में हुआ था, लेकिन उन्होंने वर्ष 2018 में कजाकिस्तान का प्रतिनिधित्व करने का फैसला किया। रायबाकिना के करियर का यह तीसरा ग्रैंड स्लैम खिताब है। इससे पहले उन्होंने विंबलडन 2022 और इसी साल ऑस्ट्रेलियन ओपन 2026 का खिताब अपने नाम किया था। ऑस्ट्रेलियन ओपन, विंबलडन और अब यूएस ओपन जीतने के बाद रायबाकिना अब करियर ग्रैंड स्लैम पूरा करने से महज एक कदम दूर हैं। उन्हें अब सिर्फ फ्रेंच ओपन का खिताब जीतना बाकी है। रायबाकिना को WTA टूर पर उनकी दमदार सर्विस और ठंडे दिमाग से दबाव में खेलने के लिए जाना जाता है। सबालेंका के खिलाफ भी उनकी कूल एटीट्यूड ने निर्णायक भूमिका निभाई।


सबालेंका की बादशाहत खत्म, रायबाकिना का डबल धमाका

फाइनल मैच काफी रोमांचक रहा। पहले सेट में सबालेंका ने डबल फॉल्ट किया, जिसका फायदा उठाकर रायबाकिना ने 6-4 से पहला सेट जीता। हालांकि सबालेंका ने वापसी करते हुए दूसरा सेट 7-5 से अपने नाम किया। लेकिन तीसरे और निर्णायक सेट में रायबाकिना ने अपनी जबरदस्त रिटर्न और ग्राउंडस्ट्रोक्स के दम पर 6-2 से जीत दर्ज कर सबालेंका को पछाड़ दिया। मैच के बाद रायबाकिना ने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मेरे पास शब्द नहीं हैं। इस टूर्नामेंट में आने से पहले मुझे ऐसी उम्मीद नहीं थी क्योंकि मैं हल्की इंजरी से जूझ रही थी। लेकिन धीरे-धीरे सब कुछ सही होता गया।’

वहीं लगातार तीसरा यूएस ओपन खिताब जीतने से चुकीं सबालेंका ने माना कि रायबाकिना की पावरफुल सर्विस और शांत स्वभाव ने इस तेज कोर्ट पर उन्हें हराना नामुमकिन बना दिया। रायबाकिना अब दुनिया की आधिकारिक नंबर-1 महिला टेनिस खिलाड़ी बन गई हैं।

Spread the love